Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के नए सीईओ बुधवार तक संभालेंगे प्रभार!
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:04 PM
Greater Noida: । मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेन्द्र सिंह बुधवार तक ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का प्रभार संभालेंगे। मालूम हो कि शासन ने कल देर शाम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेन्द्र भूषण को लोक निर्माण विभाग में प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंप दी है। वहीं मेरठ मंडल के आयुक्त सुरेन्द्र सिंह को ग्रेटर नोएडा के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
2005 बैच के आईएएस अधिकारी सुरेन्द्र सिंह मूलत: मथुरा जिले के बलदेव विकास खंड के गांव कासिमपुर सैदपुर के निवासी हैं। वे इसके पूर्व वाराणसी, प्रतापगढ़, मुजफ्फरनगर समेत कई जनपदों के जिलाधिकारी तथा मुख्यमंत्री के सचिव भी रह चुके हैं। उनकी छवि एक ईमानदार तथा कुशल प्रशासक की है।
लोकनिर्माण विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर प्रोन्नत नरेन्द्र भूषण ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 14 सितंबर 2018 को बतौर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पदभार संभाला था। इस दौरान उनकी कार्यकुशलता तथा लिए गए फैसले काफी सराहनीय रहे। उनकी इसी कार्यकुशलता के मददेनजर शासन ने उन्हें कोविड का नोडल अधिकारी भी बनाया था।