
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-126 स्थित निर्माणाधीन महागुन सोसायटी की 21वीं मंजिल से गिरकर महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। निर्माणाधीन स्थल पर ठेकेदार की तरफ से सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था जिसको लेकर मजदूर में खासा रोष व्याप्त है।
मूल रूप से ग्राम इमलिया कलां थाना नाराहट जनपद ललितपुर निवासी अजुद्दीन अपनी पत्नी बबीता के साथ मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पाल रहा है। सोमवार को अजुद्दीन अपनी पत्नी बबीता के साथ नोएडा के सेक्टर-126 स्थित निर्माणाधीन महागुन सोसायटी की 21वीं मंजिल पर काम कर रहा था। काम करने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से 32 वर्षीय बबीता 21वीं मंजिल से नीचे आ गिरी। बबीता के ऊंचाई से गिरने पर कार्य स्थल पर हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में साथी मजदूर बबीता को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों में उसे मृत घोषित कर दिया। बबीता की मौत के बाद मजदूरों में रोष व्याप्त हो गया। मजदूरों का आरोप था कि कार्यस्थल पर ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई भी सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए जा रहे हैं। ठेकेदार की लापरवाही की वजह से ही हुए हादसे में बबीता को अपनी जान गंवानी पड़ी है। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-126 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस संबंध में बबीता के परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजन अगर ठेकेदार के खिलाफ तहरीर देते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।