
Chhath Puja 2022: इन दिनों पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड आदि राज्यों में छठ महापर्व की धूम है। इस पर्व के तहत पिछले तीन दिनों से सूर्य देवता की अराधना की जा रही है। आज छठ पूजा का तीसरा दिन है। नहाय-खाय और खरना के बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला रहती हैं। इसके बाद आज शाम अस्तगामी यानी कि डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। अब कल 31 अक्टूबर को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। आइए जानते हैं आज सांध्य अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त और सही तरीका।
छठ महापर्व की शुरुआत कार्तिक शुक्ल की चतुर्थी तिथि से होती है। इस दिन नहाय-खाय होता है। इसमें व्रत करने वाली महिलाएं पूजा करके कद्दू और भात खाकर व्रत शुरु करती हैं। इसके दूसरे दिन खरना होता है। इस साल 28 अक्टूबर से छठ महापर्व शुरू हुआ है और आज निर्जला व्रत रखी हुई महिलाएं शाम को नदी या तालाब किनारे जाकर पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देंगी। इस संध्या अर्ध्य के लिए खासतौर पर तैयारी की जाती है। अर्घ्य के लिए बांस के सूप में विभिन्न प्रकार के फल, ठेकुआ का प्रसाद, गन्ना, नारियल आदि रखा जाता है। संध्या अर्घ्य के बाद कल सुबह उगते हुए सूर्य को अर्ध्य देंगी। इसके बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करती हैं।
क्यों दिया जाता है डूबते सूरज को जल
आज षष्ठी तिथि के दिन अस्तगामी यानी डूबते हुए सूर्य की आखिरी किरण को दूध मिश्रित जल से अर्घ्य दिया जाता है। माना जाता है कि सूर्य की एक पत्नी का नाम प्रत्यूषा है और ये अर्घ्य उन्हीं को समर्पित है। वहीं यह भी माना जाता है कि आज के दिन शाम के समय सूर्य को अर्घ्य देने से आयु लंबी होती है और आंखों की रोशनी बढ़ती है। इसके अलावा विधि-विधान से किया गया छठ व्रत और पूजा जीवन में खूब सुख-समृद्धि लाती है।
शुभ मुहूर्त
संध्या अर्घ्य का शुभ मुहूर्त आज रविवार, 30 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 34 मिनट पर है। उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त सोमवार, 31 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 27 मिनट पर है।