
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि (Dhanteras 2021) 2 नवंबर 2021 को आ रही है। इस दिन मंगलवार है और प्रात: 11.32 बजे तक द्वादशी तिथि रहने से भौम प्रदोष का संयोग बना है, साथ ही प्रात: 11.32 बजे के बाद त्रयोदशी तिथि लग जाने से मंगल त्रयोदशी का संयोग बना है। मंगलवार के दिन द्वादशी और त्रयोदशी तिथि आने के कारण यह दिन कर्ज (Loan) मुक्ति करवाने वाला विशेष दिन है।
इस दिन लाल मूंगा के गणेशजी की स्थापना घर में उत्तर दिशा में करें। इससे शीघ्र ही कर्ज (Loan) मुक्ति का मार्ग खुलने लगता है। छह माह के भीतर कर्ज मुक्ति हो जाती है।
इस दिन लाल मूंगा के गणेशजी का पेंडल गले में धारण करें। इससे पहले पेंडल की पूजा करें। गणपति संकटनाशन स्तोत्र के 11 पाठ करें। इससे धन का आगमन बढ़ता है और कर्ज मुक्ति होती है।
मंगल त्रयोदशी के दिन तांबे का मंगल यंत्र स्थापित करें। ऋ णमोचक मंगल स्तोत्र के 11 या 21 पाठ करें। इससे कर्ज मुक्ति होने के साथ ही पैसों का आगमन बढ़ने लगता है।
इस दिन सायंकाल में पीपल के पेड़ के नीचे आटे के 11 दीपक में तिल का तेल भरकर प्रज्ज्वलित करने से आर्थिक स्थिति अच्छी होने के साथ ही आयु और आरोग्य में भी वृद्धि होती है।
मंगल त्रयोदशी के दिन कुबेर यंत्र की स्थापना करने से सुख-समृद्धि बढ़ने लगती है।
इस दिन 7 कुबेर कौड़ी और 7 गोमती चक्र को लाल कपड़े में लपेटकर पूजन कर तिजोरी में रखें। आर्थिक स्थिति में सुधार होने लगता है।