Ganesh Chaturthi 2022- इस वर्ष गणेश चतुर्थी पर बन रहे गणेश जी के जन्म के समय के सारे संयोग, बेहद खास है इस वर्ष की गणेश चतुर्थी
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:10 PM
Ganesh Chaturthi 2022- 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी का पर्व है। 1 साल बाद एक बार फिर विघ्नहर्ता गणेश हमारे घर पधार रहे हैं। इस वर्ष गणेश चतुर्थी का पर्व कई मायनों में बेहद खास है। गणेश चतुर्थी के पर्व पर कई दुर्लभ संयोग बन रहे हैं, जिसमें गणेश जी की स्थापना करना और भी अधिक लाभकारी होगा। 31 अगस्त से 9 सितंबर तक चलने वाले गणेश उत्सव में कई अच्छे योग बन रहे हैं, जिनमें किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत करना बहुत ही लाभकारी होगा।
गणेश चतुर्थी पर बन रहा है दुर्लभ संयोग -
इस वर्ष पूरे 300 सालों बाद गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) के पर्व पर बहुत ही दुर्लभ संयोग बन रहा है। इस वर्ष की गणेश चतुर्थी बेहद खास है, क्योंकि इस वर्ष गणेश चतुर्थी के पर्व पर वह सारे संयोग बन रहे हैं, जो गणेश जी के जन्म के समय बने थे।
बुधवार के दिन, चतुर्थी तिथि को, चित्रा नक्षत्र के मध्याह्न काल में माता पार्वती ने मिट्टी जी के गणेश की स्थापना की थी और शिव जी ने उसमें प्राण डाले थे। I इस तरह से इस शुभ नक्षत्र में गणपति बप्पा मोरिया का जन्म हुआ था। इस वर्ष गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) के दिन यह सारे दुर्लभ संयोग बन रहे हैं। इसके अतिरिक्त इस वर्ष गणपति के जन्म काल के वक्त वीणा, वरिष्ठ, उभयचारी और अमला योग भी बन रहे हैं इन 5 राजयोगों के बनने से इस वर्ष गणेश स्थापना करना बेहद शुभ रहेगा।
31 अगस्त से 9 सितंबर तक कई अन्य शुभ योग भी बन रहे हैं, जो इस वर्ष के गणेश उत्सव को और भी अधिक खास बना रहे हैं।
गणेश उत्सव के दौरान बन रहे हैं यह शुभ संयोग -
गणेश उत्सव 31 अगस्त से 9 सितंबर तक चलेगा। 31 अगस्त को गणेश जी की स्थापना की जाएगी और 9 सितंबर को विसर्जन के साथ इस उत्सव का समापन होगा। गणेश उत्सव के इन 10 दिनों में किसी भी दिन नए कार्य की शुरुआत करना, भवन अथवा वाहन की खरीदारी करना शुभ होगा।
31 अगस्त को गणेश स्थापना के साथ कोई भी खरीददारी अथवा नए कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। 1 सितंबर गुरुवार को ऋषि पंचमी का व्रत है। इस दिन प्रॉपर्टी कहने अथवा गाड़ी की खरीदारी करने के लिए काफी शुभ दिन है। 2 सितंबर को कार्तिकेय पूजा की जाएगी। यह दिन भी किसी भी नई शुरुआत के लिए काफी लाभकारी है। 3 सितंबर दुर्वाअष्टमी व राधा अष्टमी के अमृत योग बन रहे हैं। यह दिन किसी भी नई शुरुआत के लिए बेहद शुभ है। 5 सितंबर को भगवान विष्णु के 10 अवतारों की पूजा की जाएगी। जमीन, मकान अथवा किसी भी अन्य तरह की प्रॉपर्टी खरीदने के लिए यह दिन काफी शुभ है। 6 सितंबर को एकादशी का व्रत है। 7 सितंबर को वामन पूजा की जाएगी। नए व्यवसाय की शुरुआत के लिए यह दिन काफी शुभ है। 8 सितंबर को प्रदोष व्रत है, व 9 सितंबर को गणेश विसर्जन किया जाएगा।
इसके अलावा इस वर्ष गणेश चतुर्थी के पर्व पर देह स्थूल योग अर्थात लंबोदर योग बन रहा है।
गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त -
अमृत योग -सुबह 7:04 से लेकर 8:41 तक
शुभ योग- सुबह 10:14 से लेकर 11:51 तक
रवि योग- सुबह 5:57 से लेकर देर रात 12:12 तक
शुभ मुहूर्त में गणेश स्थापना करना बेहद फलदाई होगा।