
बिहार विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद संभाल ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी एजेंडे की रूपरेखा तय करने के एक दिन बाद अमित शाह बुधवार को दिल्ली में बिहार बीजेपी नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में सीट शेयरिंग से लेकर चुनावी रणनीति तक सभी मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है। हालांकि बिहार चुनाव का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' समाप्त होने के दो दिन बाद ही प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की अस्मिता और स्वर्गीय मां हीराबेन के सम्मान को चुनावी मुद्दा बनाकर पार्टी की रणनीति को दिशा दे दी है। अब अमित शाह इसी दिशा में बिहार बीजेपी के नेताओं के साथ रणनीति तय करेंगे। Bihar Assembly Election 2025
अमित शाह बुधवार दोपहर दिल्ली में अपने आवास पर बिहार चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसमें प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बिहार प्रभारी विनोद तावड़े और संगठन मंत्री भीखू भाई दलसानिया भी बैठक में मौजूद रहेंगे। यह साफ संकेत है कि बीजेपी बिहार में अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर रही है।
बैठक का मुख्य एजेंडा 'मिशन 2025' के तहत बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना है। इस दौरान यह तय किया जाएगा कि चुनावी कार्यक्रम क्या होंगे और किन वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। बीजेपी ने अपने सभी वर्तमान विधायकों का रिपोर्ट कार्ड और स्थानीय स्तर का फीडबैक भी तैयार कर लिया है। अमित शाह बैठक में इन रिपोर्ट कार्ड्स और फीडबैक का भी विश्लेषण करेंगे, ताकि तय किया जा सके कि किसे टिकट दिया जाए और किसका टिकट काटा जाए।
बैठक में एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर भी चर्चा होगी। 2020 में बीजेपी और जेडीयू ने मिलकर 225 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि अन्य दलों को शेष सीटें मिली थीं। इस बार चिराग पासवान की 'लोजपा (आर)' और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एनडीए में शामिल हैं। बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं। पिछली बार बीजेपी ने 110 और जेडीयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
बीजेपी-जेडीयू इस बार लगभग 210 सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं, जबकि शेष 33 सीटों में चिराग पासवान को लगभग 20, मांझी को 7-8 और उपेंद्र कुशवाहा को 5 सीटें मिल सकती हैं। पिछली बार एनडीए ने 125 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। अमित शाह की इस बैठक के बाद ही बीजेपी का चुनावी एजेंडा और सीट शेयरिंग का समीकरण तय होगा। पार्टी इस बार किसी भी जोखिम को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। Bihar Assembly Election 2025