Bihar Elections 2025 : बिहार में आप पार्टी ने बढ़ाई चुनावी आक्रामकता
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:24 PM
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आप पार्टी (AAP Party) ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही आप पार्टी (AAP Party) का बिहार में चुनावी प्रचार अभियान औपचारिक रूप से शुरू होगा। संजय सिंह 6 नवंबर तक बिहार में रहेंगे और प्रतिदिन अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में सभाएं और रोड शो करेंगे। Bihar Elections 2025
संजय सिंह के साथ आप पार्टी (AAP Party) के बिहार प्रभारी अजेश यादव, सह प्रभारी अभिनव राय और प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव भी पटना एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। ये नेता संयुक्त रूप से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। इसके बाद संजय सिंह सीधे बेगूसराय के लिए रवाना होंगे, जहां वह पार्टी उम्मीदवार डॉ. मीरा सिंह के समर्थन में रोड शो करेंगे। शशिकांत ने बताया कि बेगूसराय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह के स्वागत के लिए भव्य तैयारी की है। रोड शो के बाद वह स्थानीय नेताओं के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक भी करेंगे और आगामी प्रचार अभियानों के लिए अहम सुझाव देंगे।
अरविंद केजरीवाल और अन्य शीर्ष नेताओं का बिहार दौरा
आप पार्टी (AAP Party) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 6 नवंबर के बाद बिहार का दौरा करेंगे। उनके साथ मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जैसे दिग्गज नेता भी चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। इन नेताओं की सभाओं और रोड शो की विस्तृत जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
आप पार्टी (AAP Party) का यह चुनावी अभियान 30 अक्टूबर से शुरू होकर 9 नवंबर तक चलेगा। इस अवधि में पार्टी के स्टार प्रचारक बिहार के विभिन्न जिलों में जाकर अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे। पार्टी का मानना है कि इस अभियान से बिहार की जनता को एक नई राजनीतिक संस्कृति और साफ-सुथरी राजनीति का संदेश मिलेगा। आम आदमी पार्टी अपने दिल्ली और पंजाब मॉडल के अनुभव को बिहार में लागू करने की योजना बना रही है, खासकर विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर।
बिहार विधानसभा चुनाव: मतदान की तिथियाँ
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 विधानसभा सीटों पर होगा। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा। चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी इस चुनाव में अकेले 99 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आप पार्टी के अभियान के दौरान यह देखा जाएगा कि उनकी नई राजनीतिक शैली बिहार की जनता पर कितना असर डालती है।