
बिहार के सीतामढ़ी का पुनौराधाम, जिसे माता सीता की जन्मस्थली के रूप में संपूर्ण हिंदू समाज में विशेष सम्मान प्राप्त है, अब एक भव्य और अद्वितीय धार्मिक परिसर का स्वरूप लेने जा रहा है। 8 अगस्त को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में मंदिर की आधारशिला रखी जाएगी। इस पावन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और 11 पवित्र नदियों के जल से भूमि पूजन होगा। Bihar News
पर्यटन विभाग इस परियोजना को युद्धस्तर पर आगे बढ़ा रहा है। 67 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह भव्य मंदिर परिसर महज 42 सप्ताह — यानी लगभग 11 महीनों — में तैयार करने का लक्ष्य है। भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। पौराणिक मंदिर के समीप विकसित होने वाले इस परिसर में 151 फीट ऊंचा मुख्य मंदिर केंद्रबिंदु होगा। परियोजना की अनुमानित लागत 882 करोड़ 87 लाख रुपये है, जिसमें से मंदिर की संरचना निर्माण पर 137 करोड़ 34 लाख रुपये खर्च होंगे। इस पूरे कार्य की मॉनिटरिंग का जिम्मा बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के पास है।
मुख्य मंदिर के साथ ही परिसर में सीता वाटिका, लवकुश वाटिका, मां जानकी कुंड का सौंदर्यीकरण, यज्ञ मंडप, परिक्रमा पथ, परकोटा, संग्रहालय, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, धर्मशाला, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, पार्किंग और मार्ग प्रदर्शनी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा माता सीता के जीवन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों, साक्ष्यों और लोककथाओं को भी यहां प्रदर्शित किया जाएगा।
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य उद्घाटन के बाद, सीतामढ़ी का पुनौराधाम माता सीता के भव्य मंदिर के साथ धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनने जा रहा है। बिहार सरकार इस अवसर को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के उत्सव के रूप में मनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटी है। Bihar News