
बिहार की सियासत में एक बार फिर गोलियों की गूंज और बाहुबली टकराव की कहानियाँ लौट आई हैं। मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह पर अब दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप लगने से हलचल मच गई है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार करने गए दुलारचंद की मौत ने पूरे इलाके का माहौल गरमा दिया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में सनसनीखेज आरोप लगाए हैं उनका कहना है कि अनंत सिंह और उनके दो भतीजों रणवीर तथा कर्मवीर सिंह ने पहले गोली चलाई और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद की हत्या कर दी। Bihar Assembly Elections 2025
इस गंभीर मामले में पुलिस ने मृतक के पोते के बयान पर FIR दर्ज कर ली है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह की ओर से भी एक अलग मामला दर्ज कराया गया है, जिससे यह विवाद और पेचीदा हो गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लिखित शिकायतें देकर मोकामा की चुनावी जंग को खूनी मोड़ दे दिया है। Bihar Assembly Elections 2025
मोकामा की राजनीति एक बार फिर पुराने बाहुबली समीकरणों में उलझ गई है। यहां से जेडीयू ने अनंत सिंह को मैदान में उतारा है, तो आरजेडी ने उनके पुराने प्रतिद्वंदी सूरजभान सिंह पर दांव खेला है। तीसरी ताकत के तौर पर जन सुराज पार्टी ने पीयूष प्रियदर्शी को टिकट देकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। इसी चुनावी गर्मी के बीच, पीयूष के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे उनके चाचा दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई और यही घटना अब इस चुनाव का सबसे बड़ा सियासी मोड़ बन गई है।
हत्या का आरोप जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह पर लगा है, जबकि अनंत सिंह ने पलटवार करते हुए इसकी साज़िश का ठीकरा सूरजभान सिंह के सिर फोड़ा। मोकामा में पहले चरण की वोटिंग होने वाली है और उससे ठीक पहले यह हत्याकांड सियासी पारा चरम पर ले आया है। अनंत सिंह, जो इस सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं, और सूरजभान सिंह, जो पूर्व सांसद हैं दोनों ही पुराने बाहुबली चेहरे हैं और दोनों की अपनी-अपनी पकड़ है।
हत्या के आरोपों पर सफाई देते हुए अनंत सिंह ने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया और इसे एक “राजनीतिक षड्यंत्र” करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस वक्त वारदात हुई, वे अपने समर्थकों के साथ टाल इलाके में वोट मांगने निकले थे। उसी दौरान उन्होंने देखा कि कई गाड़ियां पहले से खड़ी थीं। अनंत सिंह के मुताबिक, “हमें लगा कि कोई और दल वोट मांग रहा है, लेकिन अचानक हमारे खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे गूंजने लगे। तभी माहौल बिगड़ गया, ईंट-पत्थर उड़ने लगे, सड़कों पर रोड़े रखे गए थे पूरी तैयारी के साथ जाल बिछाया गया था। Bihar Assembly Elections 2025
उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि यह पूरा खेल आरजेडी उम्मीदवार सूरजभान सिंह का है। अनंत के शब्दों में, “दुलारचंद उसी के यहां रहता था, वही सब कुछ करा रहा है। हमें बदनाम करने की साजिश रची गई है।” अनंत सिंह का बयान साफ़ इशारा करता है कि मोकामा की यह लड़ाई अब वोट से ज्यादा वर्चस्व की जंग बन चुकी है जहाँ हर आरोप के पीछे राजनीति की नई चाल छिपी है। Bihar Assembly Elections 2025