
Bihar News : बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। बिहार की पूर्व मंत्री और खगड़िया से सांसद रह चुकीं रेणु कुशवाहा आज राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थामने जा रही हैं। लंबे समय तक बीजेपी, जेडीयू और एलजेपी जैसे प्रमुख दलों में सक्रिय रहने के बाद अब वह आरजेडी के मंच से अपनी राजनीतिक यात्रा को नई दिशा देने जा रही हैं। पार्टी में उनकी औपचारिक एंट्री तेजस्वी यादव की मौजूदगी में होगी, जो उन्हें खुद सदस्यता दिलाएंगे।
RJD के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इस राजनीतिक घटनाक्रम की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रेणु कुशवाहा के साथ पूर्व विधायक राघवेंद्र कुशवाहा और उनके समर्थक भी पार्टी में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस कदम से पार्टी को न केवल कोसी और मिथिलांचल बेल्ट में सामाजिक समीकरणों का लाभ मिलेगा, बल्कि महिला नेतृत्व को भी नया बल मिलेगा।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनज़र आरजेडी लगातार अपने संगठन को पुनर्गठित करने और प्रभावशाली चेहरों को जोड़ने में लगी है। रेणु कुशवाहा जैसी अनुभवी नेता की वापसी, इस दिशा में पार्टी की रणनीतिक सूझबूझ को दर्शाती है।
इसी बीच, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक और तीखा हमला बोला है। उन्होंने 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा - महागठबंधन की बढ़ती लोकप्रियता और जनता में बदलाव की बेचैनी देखकर अब भ्रष्ट भूंजा पार्टी के पास कोई दिशा नहीं बची है। मुख्यमंत्री की मानसिक अनुपस्थिति में ये सरकार अब हर गांव में अलग सूरज, हर मोहल्ले में अलग अस्पताल और हर गली में अलग स्टेशन की घोषणाएं करने में लगी है।
जो व्यक्ति पांच साल में पांच बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुका हो, उसकी बातों पर अब जनता यक़ीन नहीं करती। तेजस्वी ने यह भी तंज कसा कि, जो कभी पूछते थे कि नौकरी कहां से आएगी, पैसा कहां से आएगा—वही अब बगैर पूछे प्रेस नोट जारी करवा रहे हैं। ये बौखलाहट की राजनीति है, जिसमें जनता की ज़रूरतें नहीं, सिर्फ सत्ता की चिंता है। Bihar News