
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लालू यादव परिवार में विवाद और तेज हो गया है। राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपने पिता को किडनी देने को लेकर उठ रहे सवालों और आरोपों को लेकर खुली चुनौती दी है। रोहिणी ने स्पष्ट कहा कि उनके खिलाफ फैलाए जा रहे झूठे आरोप और गंदी सोच को वह बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, "अगर कोई यह साबित कर दे कि मैंने अपने पिता को किडनी दी होने का दावा झूठा है या कभी किसी से कुछ मांगा है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगी। Bihar Assembly Elections 2025
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर रोहिणी ने लिखा, "मेरी खुली चुनौती है उन सभी लोगों के लिए जो गंदी सोच रखते हैं और ऐसे लोगों को बढ़ावा दे रहे हैं। कोई अगर यह साबित कर दे कि मैंने कभी अपने या किसी और के लिए कुछ मांगकर अपने आदरणीय पिता को किडनी दी, तो मैं राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से खुद को अलग कर लूंगी।" उन्होंने आगे कहा, "जो दोषारोपण करने वाले अपना झूठ साबित नहीं कर पाएंगे, उन्हें इतना साहस तो होना चाहिए कि वे सार्वजनिक तौर पर मुझसे और देश की हर मां, बहन, बेटी से माफी मांगें और भविष्य में किसी के बारे में अपमानजनक और झूठी बातें फैलाने से बचें।
लालू परिवार में लंबे समय से खींचतान की खबरें सामने आती रही हैं। पार्टी के राज्यसभा सांसद और तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब रोहिणी आचार्य ने उनकी उस बस में आगे की सीट पर बैठे होने की तस्वीर साझा की, जहां तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा कर रहे थे। रोहिणी ने लिखा कि यह सीट पार्टी के सर्वोच्च नेता की होती है। अगर कोई खुद को शीर्ष नेतृत्व से ऊपर समझ रहा है, तो यह अलग बात है। इसके बाद पार्टी में संजय विरोधी गुट ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया और विवाद और बढ़ गया।
वहीं पार्टी से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने भी बहन का समर्थन करते हुए संजय यादव का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोग तेजस्वी की कुर्सी हथियाने की फिराक में हैं। उन्होंने संजय यादव को 'जयचंद' बताते हुए चेतावनी दी कि परिवार में मतभेद का फायदा उठाकर बाहरी लोग सत्ता हासिल करना चाहते हैं। Bihar Assembly Elections 2025