
Bihar News : बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, राज्य की सियासत भी तेजी से गर्म हो रही है। इस माहौल में केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान का एक अहम बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ उनके पारिवारिक रिश्ते तो हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर साथ आना मुमकिन नहीं है।
चिराग पासवान और तेजस्वी यादव ने कुछ दिनों पहले नवादा में मुलाकात की थी। चिराग पासवान और तेजस्वी यादव मुलाकात ने सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया था। लेकिन चिराग ने इन तमाम अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए साफ कहा कि उनकी यह भेंट केवल पारिवारिक और सामाजिक संबंधों के तहत हुई थी। उन्होंने बताया, “हमारे बीच पारिवारिक नाता उनके और मेरे पिता के जमाने से है। हम आपस में बातचीत जरूर करते हैं, लेकिन राजनीतिक मुद्दों पर हमारी सोच बहुत अलग है। इसलिए मिलकर काम करना फिलहाल संभव नहीं लगता। अगर ऐसा होता तो 2020 के चुनावों में हम साथ दिखते। उस समय भी मैंने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला लिया था
चिराग ने तेजस्वी यादव को पिता बनने की खुशी पर बधाई भी दी और कहा कि निजी जीवन की इस खुशी के मौके पर मुलाकात को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं उन्हें उनके बेटे के जन्म पर बहुत-बहुत बधाई देता हूं। जहां तक हमारी मुलाकात की बात है, तो वो एक सामान्य बातचीत थी, जिसे किसी राजनीतिक संकेत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।"
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदा सरकार का कार्यकाल नवंबर 2025 तक है। ऐसे में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव कराए जाने की संभावना है। राज्य में एक ओर जहां भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एनडीए गठबंधन में हैं, वहीं दूसरी ओर राजद और कांग्रेस जैसे दल महागठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। Bihar News