
Bihar News : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए मंगनी लाल मंडल को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पटना में आयोजित आरजेडी राज्य परिषद की बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में मंगनी लाल मंडल के नाम की विधिवत घोषणा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल मंगनी लाल मंडल ने नामांकन दाखिल किया था, इसलिए उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इस मौके पर सांसद मीसा भारती और कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे, जिससे यह संदेश गया कि शीर्ष नेतृत्व इस नियुक्ति को लेकर एकमत है।
मंडल अत्यंत पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) से आते हैं, जो राज्य की कुल जनसंख्या का लगभग 36% हिस्सा है। वे इस वर्ग से आने वाले पहले नेता हैं जिन्हें किसी प्रमुख दल ने प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने 80 वर्षीय जगदानंद सिंह की जगह ली है। तेजस्वी यादव ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता पर कायम है।
आरजेडी परंपरागत रूप से मुस्लिम और यादव (MY) वोट बैंक पर निर्भर रही है, लेकिन इस बार पार्टी का फोकस ईबीसी, दलित और अन्य पिछड़ी जातियों को साधने पर है। इससे पहले पार्टी दलित, मुस्लिम, ओबीसी और सवर्ण नेताओं को भी प्रदेश अध्यक्ष बना चुकी है। लेकिन मंगनी लाल मंडल की ताजपोशी को चुनावी रणनीति के तहत जातीय संतुलन बनाने की बड़ी चाल माना जा रहा है।
बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव संभावित हैं और लगभग छह महीने का समय बचा है। ऐसे में आरजेडी अपने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक समीकरणों को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बिहार दौरों से यह भी साफ है कि एनडीए भी चुनावी मोर्चे पर कमर कस चुकी है। Bihar News