साइबर क्राइम पर अक्षय कुमार का बड़ा खुलासा: बेटी से ऑनलाइन मांगा गया न्यूड फोटो!
भारत
RP Raghuvanshi
03 Oct 2025 04:06 PM
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने साइबर क्राइम को लेकर एक चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी बेटी नितारा के साथ ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक खतरनाक घटना घटी। गेम खेलते समय एक अजनबी ने उनकी बेटी से न्यूड फोटो भेजने की मांग कर दी। इस खुलासे ने सभी को हैरान कर दिया और एक्टर ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।
गेमिंग के दौरान हुई चौंकाने वाली घटना
अक्षय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी नितारा ऑनलाइन गेम खेल रही थी। खेलते हुए सामने वाले खिलाड़ी से बातचीत भी हो रही थी। शुरू में बातचीत बिल्कुल सामान्य थी—‘बहुत अच्छा खेला’, ‘ग्रेट’, ‘थैंक यू’ जैसी शिष्ट बातें आईं। नितारा को भी लगा कि सामने वाला व्यक्ति अच्छा है।
बातचीत के दौरान जब नितारा ने बताया कि वह मुंबई से है और एक लड़की है, तो अचानक उस शख्स ने उससे पूछा—“क्या तुम मुझे अपनी एक न्यूड फोटो भेज सकती हो?”
बेटी ने दिखाई समझदारी
इस अजीबोगरीब और खतरनाक मैसेज के बाद नितारा ने तुरंत गेम बंद कर दिया और जाकर अपनी मां ट्विंकल खन्ना को सब कुछ बता दिया। अक्षय कुमार ने कहा कि यह राहत की बात है कि उनकी बेटी ने सही समय पर सही कदम उठाया। लेकिन हर बच्चा ऐसा नहीं कर पाता और इसी वजह से कई मासूम साइबर क्राइम के जाल में फंस जाते हैं।
साइबर क्राइम से हो सकती है बड़ी त्रासदी
अक्षय कुमार ने कहा कि ऐसे मामले बच्चों को ब्लैकमेलिंग तक ले जाते हैं। अपराधी उनसे पैसे वसूलते हैं और कई बार पीड़ित बच्चे तनाव में आकर आत्महत्या तक कर लेते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि साइबर क्राइम का खतरनाक रूप है, जो स्ट्रीट क्राइम से भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
बच्चों को स्कूल में दी जानी चाहिए साइबर शिक्षा
कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए अक्षय कुमार ने आग्रह किया कि बच्चों को स्कूल में साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि 7वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा में साइबर सिक्योरिटी पर एक विशेष पीरियड होना चाहिए। उनका मानना है कि यह आज के समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है ताकि बच्चे इंटरनेट की दुनिया में सुरक्षित रह सकें।
वरुण-जाह्नवी की ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ ने कमाए इतने करोड़, ‘कंतारा-1’ से मिली कड़ी टक्कर!