Amrita Rao Birthday Special- मैनेजर के बदले की वजह से अमृता राव के हाथ से निकल गई थी सलमान खान की ये सुपरहिट फिल्म
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:03 AM
Amrita Rao Birthday Special- आज बॉलीवुड अभिनेत्री अमृता राव का जन्मदिन है। 17 जून 1981 को मुंबई महाराष्ट्र में जन्मी अभिनेत्री आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर आइए जानते हैं इनसे जुड़ी कुछ अनसुनी बातें -
अमृता राव आज भले ही फिल्मों की दुनिया से दूर पति और बच्चों के साथ गृहस्थ जीवन का आनंद ले रही है। लेकिन एक समय ऐसा था कि जब इन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा था, तो हर तरफ बस इन्हीं के चर्चे थे। इन्होंने अपने कैरियर की शुरूआत मॉडलिंग से की थी। 18 महीनों से भी कम समय में इन्होंने 35 से अधिक ऐड फिल्मों में काम किया। इनकी मेहनत और लगन देख इन्हें बॉलीवुड फिल्मों के ऑफर आने लगे।
अमृता राव (Amrita Rao) का फिल्मी सफर -
साल 2002 में आई फिल्म 'अब के बरस (Ab ke baras) से इन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद साल 2003 में इनकी फिल्म इश्क विश्क (Ishq Vishq) रिलीज हुई। फिल्म के. एन. घोष के निर्देशन में बनी थी। इस फिल्म में अमृता राव और शाहिद कपूर (Amrita Rao and Shahid Kapoor) ने मुख्य भूमिका निभाई थी फिल्म सुपर डुपर हिट हुई और इसी फिल्म से अमृता को इंडस्ट्री में गजब की पहचान मिली।
इस फिल्म के बाद अमृता दीवार, मैं हूं ना, मस्ती, शिखर, वाह! लाइफ हो तो ऐसी, विवाह, प्यारे मोहन, हे बेबी, माय नेम इज एंथोनी, वेलकम टू सज्जनपुर, लाइफ पार्टनर, कलाकार, जॉली एलएलबी, सिंह साहब द ग्रेट जैसी फिल्मों में काम किया। फिल्म विवाह के लिए इन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री स्टार स्क्रीन अवार्ड से सम्मानित किया गया। वही फिल्म 'मैं हूं ना' के लिए भी इन्हें सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इनकी आखिरी फिल्म साल 2013 में रिलीज हुई थी। साल 2016 में उन्होंने आरजे अनमोल के साथ शादी रचाई और इसके साथ फिल्मों से दूरी बना ली। अमृता राव स्क्रीन पर भले ही थोड़े समय के लिए एक्टिव रही लेकिन उतने ही समय में इन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बना ली थी।
सलमान खान की इस फिल्म का हिस्सा बनने से चूक गई अमृता राव -
अमृता राव के पति आरजे अनमोल (RJ Anmol) की किताब 'कपल ऑफ थिंग्स (Couple of Things) कुछ महीने पहले ही लॉन्च हुई है। इस किताब में अमृता राव के जीवन के अच्छे और बुरे दोनों पहलुओं पर जिक्र किया गया है। फिल्म के लांच के दौरान ही अभिनेत्री ने एक बड़ा खुलासा किया। अभिनेत्री के मुताबिक उन्हें सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म वांटेड (Wanted, 2000) के लिए अप्रोच किया गया था लेकिन उनके मैनेजर ने बात उन तक नहीं पहुंचने दी, और डेट खाली ना होने की बात कह ऑफर को ठुकरा दिया। मैनेजर के बदले की वजह से अमृता के हाथ से एक बड़ा ऑफर निकल गया।
अमृता ने आगे बताया कि जब फिल्म वांटेड की शूटिंग चल रही थी, उस दौरान अमृता भी किसी शूटिंग के लिए हैदराबाद गई हुई थी। होटल की लॉबी में बोनी कपूर के साथ काम करने वाले प्रोडक्शन के एक शख्स से उनकी मुलाकात हुई। उस शख्स ने अमृता से कहा कि -" ओह, हाय अमृता! तुम कैसी हो? अगर तुम्हारी डेट की दिक्कत नहीं होती तो तुम आज हमारे लिए सलमान खान की फिल्म वांटेड की शूटिंग कर रही होती। "
अमृता ने जब यह बात सुनी तो वह काफी असमंजस में पड़ गई। उन्होंने उस शख्स से पूछा कि मुझे कब वांटेड के लिए अप्रोच किया गया? जवाब में उस शख्स ने कहा- 'अरे ऑफर हुई थी तुम्हें। मैंने तुम्हारे मैनेजर को फोन किया था और उसने कहा कि तुम्हारे लिए समय निकाल पाना मुश्किल है। '
यह बात सुन अमृता काफी हैरान और दुखी हो गई क्योंकि मैनेजर ने कभी इस ऑफर के बारे में उन्हें बताया ही नहीं था।