छोटे भाईजान पर लगा बड़ा इल्जाम, दुबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुए अब्दू रोजिक!
Abdu Rozik
भारत
RP Raghuvanshi
13 Jul 2025 10:42 AM
Abdu Rozik : टीवी और सोशल मीडिया की दुनिया से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 'बिग बॉस 16' फेम और सोशल मीडिया स्टार अब्दू रोजिक को दुबई एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में लिया। खबरों के मुताबिक, अब्दू पर चोरी का आरोप लगा था जिसके चलते उन्हें मोंटेनेग्रो से दुबई लौटते वक्त शनिवार शाम करीब 5 बजे एयरपोर्ट पर रोका गया। हालांकि, अब अब्दू रोजिक की टीम ने इस मामले पर सफाई दी है। उनकी मैनेजमेंट कंपनी S-Line Project ने दुबई के प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल Khaleej Times को दिए बयान में पुष्टि की है कि अब्दू को हिरासत में लिया गया था लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था।
पूछताछ के लिए लिया गया हिरासत में
टीम ने कहा, "सबसे पहली बात, अब्दू को गिरफ्तार नहीं किया गया था। उन्हें सिर्फ पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। अब्दू ने पुलिस को अपना बयान दे दिया है और उन्हें रिहा भी कर दिया गया है। अब वो दुबई में होने वाली एक अवॉर्ड सेरेमनी में भी शामिल होंगे।" टीम ने आगे कहा कि कुछ मीडिया पोर्टल्स ने गलत तरीके से इस घटना को "गिरफ्तारी" बताया है जो पूरी तरह से झूठा है। टीम ने चेतावनी दी कि अब्दू की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली झूठी खबरों के खिलाफ वो कानूनी कार्रवाई करेंगे।
कौन हैं अब्दू रोजिक?
अब्दू रोजिक ताजिकिस्तान के रहने वाले हैं और वर्तमान में 21 साल के हैं। बचपन में एक गंभीर बीमारी की वजह से उनकी हाइट सामान्य नहीं बढ़ पाई, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट से दुनियाभर में नाम कमाया। आर्थिक तंगी के दौर में अब्दू सड़कों पर गाकर अपने परिवार का पेट पालते थे। लेकिन एक वायरल वीडियो "बुर्गिर" से उन्हें सोशल मीडिया पर जबरदस्त पहचान मिली। आज अब्दू दुबई में करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं और दुनिया के कई बड़े सितारों से मुलाकात कर चुके हैं। भारत में उन्हें सबसे ज्यादा पहचान मिली 'बिग बॉस 16' से, जहां उनकी मासूमियत और मजाकिया अंदाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद वो खतरों के खिलाड़ी और लाफ्टर शेफ सीजन 2 जैसे रियलिटी शोज में भी नजर आए।
क्या कहते हैं फैंस?
इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस में हलचल मच गई है। लेकिन अब्दू की टीम द्वारा दी गई सफाई के बाद उनके चाहने वालों ने राहत की सांस ली है। फैंस अब उनके अगले अपडेट और अवॉर्ड शो में उनकी मौजूदगी का इंतजार कर रहे हैं। टीम ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस मामले से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी ताकि भारत और दुनियाभर में अब्दू के फैंस को सच्चाई का पता चल सके।