100 से ज्यादा लोग थे सेट के अंदर - ओम शांति ओम के क्लाइमेक्स में लगी थी असली आग
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 05:53 PM
Bolllywood News : बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख़ ख़ान और दीपिका पादुकोण की सुपरहिट फिल्म ओम शांति ओम का क्लाइमेक्स आज भी दर्शकों के ज़हन में ताजा है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस सीन की शूटिंग के दौरान असली में सेट में आग लग गई थी? जी हां, फिल्म की निर्देशक फराह ख़ान ने खुद इस किस्से का खुलासा किया है। फराह ने बताया कि क्लाइमेक्स में जब दीपिका के किरदार 'शांति' की आत्मा विलेन (अर्जुन रामपाल के किरदार) से बदला लेती है, उस सीन में एक भव्य सेट बनाया गया था, जिसमें आग लगने वाला सीन भी था। लेकिन शूटिंग के दौरान वो आग काबू से बाहर हो गई और पूरे सेट में असली आग लग गई।
100 से ज्यादा लोग थे सेट के अंदर
फराह ख़ान ने बताया कि उस समय सेट के अंदर लगभग 100 लोग मौजूद थे, जिनमें कलाकार, तकनीकी टीम और बाकी यूनिट के सदस्य शामिल थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ मिनटों के लिए सब लोग डर गए। हालात को काबू में लाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा।
शाहरुख़ और दीपिका ने दिखाई बहादुरी
खास बात ये रही कि इस पूरे हादसे में किसी को चोट नहीं लगी। शाहरुख़ ख़ान और दीपिका पादुकोण ने भी बहुत पेशेंस रखा और सभी की सेफ्टी का ख्याल रखा। फराह ने बताया कि शाहरुख़ खुद अपनी टीम के लोगों को बाहर निकालने में मदद कर रहे थे।
दीपिका की पहली फिल्म थी ओम शांति ओम
बता दें कि ओम शांति ओम दीपिका पादुकोण की डेब्यू फिल्म थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी और दीपिका रातों-रात स्टार बन गई थीं।
आज जब भी इस फिल्म का क्लाइमेक्स सीन देखा जाता है तो बहुत कम लोग जानते हैं कि इसके पीछे एक असली खतरे से भी जूझना पड़ा था। फराह ख़ान का ये किस्सा बताता है कि फिल्मों के पीछे कितनी मेहनत और रिस्क भी छुपा होता है।