दे दे प्यार दे 2’ में अजय देवगन के ससुर बने आर माधवन बोले– स्क्रीन शेयर कर नर्वस था!
भारत
चेतना मंच
15 Oct 2025 01:14 PM
De De Pyaar De 2: बॉलीवुड एक्टर आर माधवन अब एक दिलचस्प किरदार में नज़र आने वाले हैं। आने वाली फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ में वे सुपरस्टार अजय देवगन के ससुर का रोल निभा रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर लॉन्च होते ही माधवन ने अपने इस नए अनुभव को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं।
ससुर के किरदार पर बोले आर माधवन
माधवन ने बताया कि उन्होंने अब तक अपने करियर में कभी भी किसी पिता या ससुर का किरदार नहीं निभाया था, इसलिए इस फिल्म को शुरू करते समय वे काफी नर्वस थे। ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने कहा, “मैंने कभी पिता का किरदार नहीं निभाया है और अजय के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए मैं बहुत नर्वस था। अजय सर बेहद समर्पित एक्टर हैं। वो सेट पर हमेशा मौजूद रहते हैं और पूरी ऊर्जा के साथ काम करते हैं। उनके साथ काम करते हुए मैंने एक अलग तरह का कनेक्शन महसूस किया।”
सीक्वल को लेकर बोले आर माधवन
फिल्म के सीक्वल को लेकर माधवन ने कहा कि उन्हें सीक्वल करने में कोई दिक्कत नहीं है, बशर्ते कहानी दमदार हो। उन्होंने कहा, “मुझे सीक्वल्स से कोई परेशानी नहीं है, बस कहानी अच्छी होनी चाहिए। उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी। हम सबको भरोसा है कि हमने एक बेहतरीन फिल्म बनाई है।”
फिल्म की कहानी और रिलीज़ डेट
साल 2019 में आई ‘दे दे प्यार दे’ में अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। फिल्म की कहानी एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति आशिष मेहरा की थी, जिसे अपनी बेटी की उम्र से छोटी लड़की आयेशा से प्यार हो जाता है। पहले पार्ट में अजय देवगन के परिवार को दिखाया गया था, जबकि सीक्वल में कहानी का फोकस आयेशा के परिवार पर है। इस बार आर माधवन रकुल प्रीत सिंह के पिता यानी अजय देवगन के ससुर के रूप में दिखेंगे।
फिल्म का निर्देशन अकीव अली ने किया है और यह 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। दर्शक इस बार रोमांस के साथ-साथ ढेर सारा फैमिली ड्रामा और कॉमेडी का मज़ा लेने के लिए तैयार हैं।
अगस्त्य नंदा की धमाकेदार एंट्री, इस फिल्म में काटेंगे गदर