Hanshika Motwani Birthday Special- बाल कलाकार के रूप में हंसिका मोटवानी ने जीता लोगों का दिल
भारत
चेतना मंच
09 Aug 2022 02:48 PM
Hanshika Motwani Birthday Special- हंसिका मोटवानी को 90 के दशक का हर एक बच्चा बखूबी जानता है। उस समय की सबसे ज्यादा पॉपुलर बाल कलाकारों में से एक हैं हंसिका। इन्होंने 'शाका लाका बूम बूम', 'करिश्मा का करिश्मा', 'सोन परी' जैसे डेली सोप में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर काम किया है। इन्होंने बहुत कम उम्र में ही एक्टिंग करना शुरू कर दिया था और धीरे धीरे फिल्मों में अपनी जगह बनाई। आइये जानते हैं कि कैसा रहा हंसिका का सफर।
हंसिका (Hanshika Motwani) का जन्म 1991 में हुआ था। इनका जन्म फ़िल्म नगरी मुंबई में ही हुआ था। इनके पिता का नाम प्रदीप मोटवानी है जो कि एक बहुत बड़े बिजनेसमैन हैं। इनकी माता एक डर्मेटोलॉजिस्ट हैं। इनके माता पिता की शादी ज्यादा नहीं टिकी और दोनों का तलाक हो गया। तलाक हो जाने के बाद हंसिका अपनी मां के साथ रहने लगीं। उनकी मां ने ही उनका ख्याल रखा। हंसिका की पढ़ाई मुंबई के पोदार इंटरनेशनल स्कूल में हुई है।
बाल कलाकार के रूप में ली टीवी में एंट्री:-
छोटी उम्र में ही हंसिका टीवी सीरियल्स में काम करने लगी थीं। उन्होंने बहुत सारे डेली सोप में बाल किरदार निभाया है। हंसिका 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल में भी नज़र आई थीं। टीवी सीरियल में काम करने के बाद हंसिका ने फिल्मो में काम करने का मन बना लिया। उन्होंने फिर साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में एंट्री ले ली। वो पहली बार तेलुगु फ़िल्म 'देसमुदुरु' में नज़र आई थीं। उनकी कलाकारी को लोगों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई फिल्मों में काम किया।
इसके बाद 2003 में उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा। 2003 में हंसिका ने 'कोई मिल गया' मूवी में काम किया। फ़िल्म में उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट ही काम किया। फिर हंसिका 2007 में 'आपका सुरूर' गाने में मुख्य किरदार निभाते हुए नज़र आईं। हंसिका ने महज 16 साल की उम्र में मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभाया था। इस गाने में वो अपनी उम्र से बहुत ज्यादा बड़ी लग रही थीं। लोग उन्हें देखकर काफी हैरान भी थे। फिर हंसिका 2008 में आई फ़िल्म 'मनी है तो हनी है' में नज़र आईं। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में काम नहीं किया। हालांकि उनका बॉलीवुड सफर कुछ खास नहीं रहा। लेकिन साउथ फ़िल्म इंडस्ट्री में हंसिका (Hanshika Motwani) एक बहुत बड़ा नाम है। साउथ में वो बेहतरीन ऐक्ट्रेस की सूची में शुमार हैं।