Mithun Chakraborty Birthday Special- चरम पर था मिथुन और श्रीदेवी का प्यार, इस वजह से राहें हुई जुदा
भारत
चेतना मंच
16 Jun 2023 03:00 PM
Mithun Chakraborty Birthday Special- आज बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का जन्मदिन है। 16 जून 1950 को जन्मे मिथुन दा आज अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक्शन हीरो के रूप में पहचान बनाने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने अपने एक्टिंग कैरियर में एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड इंडस्ट्री के एक्शन फिल्मों को इन्होंने एक नई पहचान दी। डिस्को डांसर के रूप में पहचान रखने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में डांस के नए फॉर्मेट की शुरुआत की। आज इनके जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं इनसे जुड़ी कुछ अनसुनी बातें -
कई हीरोइनों के साथ जुड़ा मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) का नाम -
16 जून, 1950 को कोलकाता में जन्में मिथुन का असली नाम गौरांग चक्रवर्ती है। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में ये मिथुन चक्रवर्ती नाम का ही इस्तेमाल किया और इसी नाम से प्रसिद्ध हुए। मिथुन बॉलीवुड की उन शख्सियतों में शुमार हैं, जिनका न कोई फिल्मी बैकग्राउंड रहा और न ही इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर, लेकिन फिर भी उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मेहनत से एक अलग पहचान बनाई। इन्होंने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1976 में आई बंगाली फिल्म 'मृगया' से की। इस फिल्म में दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद मिथुन ने बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दीं। वो एक सफल अभिनेता थे इसलिए उनका नाम कई को-स्टार रंजीता, योगिता बाली, सारिका और अन्य के साथ जुड़ा, इन सबमें इनका सबसे चर्चित अफेयर रहा बॉलीवुड की बेहद खूबसूरत अभिनेत्री श्रीदेवी के साथ।
1984 में आई फिल्म 'जाग उठा इंसान' में मिथुन-श्रीदेवी ने पहली बार स्क्रीन शेयर की थी। इस फिल्म की शूटिंग के साथ दोनों के अफेयर की खबरें आने लगी थीं। मिथुन चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में खुद कबूल किया था कि उन्होंने श्रीदेवी से गुपचुप शादी की थी।
श्री देवी से पहले मिथुन ने पहली शादी हेलेना ल्यूक से की थी हालांकि दोनों का रिश्ता ज्यादा दिन तक नहीं चला और दोनों अलग हो गए। फिर एक्टर ने किशोर कुमार की तीसरी पत्नी योगिता बाली से दूसरी शादी रचाई। इसी दौरान उन्हें श्रीदेवी से प्यार हुआ।
क्यों अलग हो गए मिथुन चक्रवर्ती और श्रीदेवी -
रिपोर्ट के मुताबिक योगिता बाली से दूसरी शादी करने के बाद मिथुन दा ने गुपचुप तरीके से श्रीदेवी से शादी रचा ली थी। जब यह बात उनकी दूसरी पत्नी योगिता बाली को पता चली तो उन्होंने काफी हंगामा मचाया यहां तक की आत्महत्या का कदम भी उठा लिया। बात को संभालने के लिए आखिरकार मिथुन चक्रवर्ती ने श्रीदेवी (Mithun Chakraborty and Shridevi) से दूरी बना ली। और इस तरह से इन दोनों की राहें अलग अलग हो गई।