नेशनल अवार्ड्स 2025: रिपोर्ट्स में दावा, विक्रांत और रानी के नाम पक्के!
भारत
चेतना मंच
31 Jul 2025 05:08 PM
भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक नेशनल फिल्म अवार्ड्स का इस साल भी सभी को बेसब्री से इंतजार है। हर साल बेहतरीन फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित करने वाला यह अवार्ड इस बार खास चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी को क्रमशः बेस्ट एक्टर और बेस्ट एक्ट्रेस के नेशनल अवार्ड मिलने की संभावना जताई जा रही है।
विक्रांत और रानी के प्रदर्शन की हो रही तारीफ
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, विक्रांत मैसी को उनकी फिल्म 12वीं फेल के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिलने की पूरी संभावना है। उनके शानदार अभिनय ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीत लिया। इसी तरह, रानी मुखर्जी की फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे ने एक भावनात्मक कहानी के जरिए सभी का ध्यान खींचा और माना जा रहा है कि उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवार्ड मिल सकता है।
कब होगा आधिकारिक ऐलान?
71वें नेशनल फिल्म अवार्ड्स को लेकर अब तक कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगले 48 घंटे के भीतर अवार्ड्स की घोषणा की जा सकती है। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से अवार्ड्स के ऐलान में देरी होती आ रही है। कोरोना महामारी के समय से यह पैटर्न जारी है।
फिल्मों की सफलता और IMDb रेटिंग
विक्रांत मैसी की फिल्म 12वीं फेल 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों ने बेहद सराहा। फिल्म की IMDb रेटिंग 8.7 है और यह जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। वहीं, रानी मुखर्जी की फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे 17 मार्च 2023 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म की IMDb रेटिंग 7.3 है और इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।