Raju Srivastava- बचपन से था मिमिक्री का शौक, इस शो से मिली पहचान, बॉलीवुड की इन फिल्मों में किया काम
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:42 AM
जाने माने कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव (Raju Srivastava) का जन्म 25 दिसंबर 1963 को कानपुर, उत्तर प्रदेश (Kanpur, Uttar Pradesh) में हुआ था। उनके पिता, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रसिद्ध कवि थे। वो बलाई काका के नाम से कविता सुनाया करते थे। राजू ने एक साक्षात्कार में बताया था कि बचपन में उनको भी कविता सुनाने को कहा जाता था जिसके बाद वह जन्मदिन समारोहों में कविताएं सुनाया करते थे।
राजू श्रीवास्तव के करियर पर एक नजर
1982 में राजू श्रीवास्तव मुंबई आए थे। एक साक्षात्कार में राजू श्रीवास्तव ने बताया था कि मुंबई में शुरुआती दिनों में अपना गुजारा करने के लिए उन्होंने ऑटो रिक्शा भी चलाया था। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में छोटे-छोटे रोल करके अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत की थी। सबसे पहले साल 1988 में अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म तेजाब में एक छोटे से किरदार के जरिए इन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद साल 1988 में सलमान खान की 'मैंने प्यार किया' फिल्म में एक ट्रक क्लीनर का छोटा-सा रोल भी किया था। शाहरुख़ खान की फिल्म बाजीगर में राजू श्रीवास्तव कॉलेज स्टूडेंट के रोल में दिखे थे। इसके अलावा उन्होंने आमदनी अठन्नी खर्चा रुपइया, वाह तेरा क्या कहना, मैं प्रेम की दीवानी हूं जैसी फिल्मों में छोटी भूमिकाएं भी की थीं। फिल्म बॉम्बे टू गोवा में भी इनकी बेहतरीन कॉमेडी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वर्तमान में राजू श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं और यूपी में बन रही फिल्म सिटी परियोजना को देख रहे थे। वह भाजपा के लिए चुनाव प्रचार भी करते रहे हैं।
अभिनय क्षेत्र की बात करें तो राजू श्रीवास्तव की जिंदगी तब बदल गई थी जब उन्होंने 2005 में स्टार वन के पॉपुलर शो द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज (The Great Indian laughter challenge) में भाग लिया था। यह शो काफी लोकप्रिय रहा था और राजू श्रीवास्तव की पहुँच हर घर तक हो गयी थी। इसके बाद राजू श्रीवास्तव ने एक और लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस सीजन-3 में भी भाग लिया था। कॉमेडी शो महामुकबाला सीजन-6 और नच बलिए जैसे शो में भी राजू श्रीवास्तव नजर आ चुके हैं। नच बलिए में राजू श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी शिखा श्रीवास्तव (Raju Srivastava wife Shikha Srivastava) के साथ हिस्सा लिया था।
फिल्मों के प्रति अपनी रुचि के बारे में राजू श्रीवास्तव ने एक साक्षात्कार में बताया था कि अमिताभ बच्चन की शोले फिल्म देखने के बाद उन्हें यह फिल्म बहुत ही अच्छी लगी थी और अमिताभ के किरदार का असर उन पर पड़ा था। जिसके बाद उन्होंने उनके जैसा, उठना, बैठना बोलना शुरू कर दिया था। अमिताभ की मिमिक्री में सफल रहने के बाद राजू ने अन्य कलाकारों की आवाजें निकालना भी शुरू कर दिया था। राजू श्रीवास्तव रोजमर्रा की गतिविधियों को हास्य के साथ इस तरह जोड़ कर प्रस्तुत करते थे कि लोग हंसते हंसते पागल हो जाते हैं। फिलहाल तो सभी के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने वाले राजू खुद जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग हार गये हैं, जिससे उनके करोड़ों प्रशंसकों को निराशा हुई है।
राजू श्रीवास्तव के निधन से स्तब्ध है पूरा देश -
सब के दिलों पर अपनी बेहतरीन कॉमेडी से राज करने वाले राजू श्रीवास्तव के निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। बड़े-बड़े नेता से लेकर अभिनेता तक गजोधर भैया आपको अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लगातार राजू श्रीवास्तव के फैंस की भाव पोस्ट सामने आ रही है। सबके चेहरे पर हंसी भी खेलने वाले राजू श्रीवास्तव आज सबकी आंखों में नमी लेकर इस दुनिया से रुखसत हो गए हैं।