बॉलीवुड इंडस्ट्री को बड़ा झटका: दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का निधन
भारत
चेतना मंच
04 Oct 2025 03:16 PM
Sandhya Shantaram Death News: बॉलीवुड और मराठी सिनेमा को बड़ा झटका लगा है। मशहूर अभिनेत्री संध्या शांताराम का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। अपने दमदार अभिनय और बेहतरीन नृत्य के लिए पहचानी जाने वालीं संध्या ने इंडस्ट्री को कई यादगार फिल्में दीं। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
'पिंजरा' और 'नवरंग' से मिली अमर पहचान
संध्या शांताराम ने मराठी फिल्म पिंजरा से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी थी। वहीं हिंदी सिनेमा में उन्होंने 1959 में आई वी. शांताराम की फिल्म नवरंग से खास पहचान बनाई। इस फिल्म का गाना ‘अरे जा रे हट नटखट’ आज भी बेहद पॉपुलर है। इस गाने के लिए उन्होंने खासतौर पर शास्त्रीय नृत्य सीखा था और असली हाथी-घोड़ों के बीच बिना किसी डर के डांस किया था। उनका साहस और समर्पण ही उन्हें खास बनाता था।
असली नाम था विजया देशमुख
संध्या शांताराम का असली नाम विजया देशमुख था। फिल्मों में आने के बाद उन्होंने संध्या नाम अपनाया और आगे चलकर निर्देशक वी. शांताराम की फिल्मों का चेहरा बन गईं। उनके साथ उन्होंने शादी भी की। संध्या ने झनक झनक पायल बाजे, दो आंखें बारह हाथ, नवरंग, अमर भूपाळी और पिंजरा जैसी सुपरहिट फिल्मों में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
भारतीय जनता पार्टी के नेता आशीष शेलार ने भी ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि संध्या शांताराम ने मराठी और हिंदी सिनेमा में अपने नृत्य और अभिनय से अमिट छाप छोड़ी है। उनकी यादगार भूमिकाएं दर्शकों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी।
दर्शकों के दिलों में रहेंगी हमेशा जिंदा
संध्या शांताराम सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि सिनेमा की ऐसी शख्सियत थीं जिन्होंने कला और अभिनय के जरिए अपनी पहचान बनाई। उनके जाने से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है। हालांकि, उनकी फिल्मों और उनके किरदारों के जरिए वे हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगी।
सानिया मिर्जा को छोड़ किया था सना से निकाह, अब शोएब मलिक की तीसरी शादी भी खतरे में?