'यह जगह मुझे हर बार नया बना देती है’... केदारनाथ पहुंचीं सारा अली खान, शेयर की खूबसूरत तस्वीरें!
भारत
चेतना मंच
24 Oct 2025 12:12 PM
बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान एक बार फिर उत्तराखंड के पवित्र धाम केदारनाथ पहुंची हैं। सारा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें वो मंदिर परिसर में पूजा करती, ट्रैकिंग का आनंद लेती और स्थानीय भोजन का स्वाद चखती नजर आ रही हैं। सारा ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा – “दुनिया में अकेली ऐसी जगह, जो पूरी तरह अपनी लगती है और फिर भी हर बार मुझे हैरान और अचंभित करती है।”
सारा ने केदारनाथ को कहा ‘सबकुछ देने के लिए शुक्रिया’
सारा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा – “मेरे पास जो कुछ भी है, मुझे देने और मुझे वो सब बनाने के लिए आभार और शुक्रिया।” उन्होंने अपने संदेश को “जय श्री केदार” के साथ खत्म किया। इस पोस्ट पर फैंस ने जमकर प्यार जताया और उनकी श्रद्धा की खूब तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “आपका केदारनाथ से कनेक्शन बहुत शुद्ध और आत्मीय है।”
फिल्म ‘केदारनाथ’ से जुड़ा है सारा का खास रिश्ता
सारा अली खान का केदारनाथ से जुड़ाव केवल आध्यात्मिक नहीं बल्कि भावनात्मक भी है। साल 2018 में उनकी डेब्यू फिल्म ‘केदारनाथ’ इसी पवित्र स्थल पर आधारित थी। इस फिल्म के जरिए सारा ने बॉलीवुड में कदम रखा था और तब से वह कई बार यहां दर्शन करने लौट चुकी हैं।