
Sardar Ji 3 Controversy : पंजाबी सुपरस्टार और बॉलीवुड सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। उनकी फिल्म ‘सरदार जी 3’ को लेकर पहले ही भारत में विरोध देखा जा रहा था, लेकिन अब इस फिल्म की पाकिस्तान में रिलीज ने इस विवाद को और भी भड़का दिया है। सोशल मीडिया पर भारी विरोध के बीच कई यूजर्स ने इसे "देश की भावनाओं के खिलाफ कदम" बताते हुए दिलजीत पर तीखे सवाल दागे हैं।
दरअसल, ‘सरदार जी 3’ को भारत में रिलीज न करने का फैसला पहले ही लिया जा चुका था। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी को लेकर देश में विरोध शुरू हुआ था। लेकिन जब एक स्क्रीनशॉट सामने आया, जिसमें फिल्म को पाकिस्तान के कराची, लाहौर, इस्लामाबाद, फैसलाबाद और सियालकोट जैसे शहरों के सिनेमाघरों में 27 जून को रिलीज किए जाने की जानकारी थी, तब विवाद और तेज हो गया।
बता दें कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में एक आतंकी हमले में 27 श्रद्धालुओं की जान गई थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में भारी तल्खी देखी जा रही है। ऐसे वक्त में दिलजीत की फिल्म में पाकिस्तानी कलाकार की मौजूदगी और पाकिस्तान में इसकी रिलीज को लेकर दर्शकों का गुस्सा स्वाभाविक है।
दिलजीत दोसांझ ने कुछ समय पहले सफाई देते हुए कहा था कि फिल्म की शूटिंग उस आतंकी हमले से पहले ही पूरी हो चुकी थी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माताओं को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए विदेशों में फिल्म रिलीज करने का फैसला किया गया। हालांकि, इस स्पष्टीकरण के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है। सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है और इस फैसले को "शर्मनाक" बताया जा रहा है।
यह पहला मौका नहीं है जब भारत में पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म को भी भारत में रिलीज से रोक दिया गया था। भारत में एक बड़ा वर्ग पाकिस्तानी कलाकारों के साथ किसी भी प्रकार का फिल्मी सहयोग नहीं चाहता, खासकर तब जब सीमा पार से लगातार उकसावे और हमले हो रहे हों।
Sardar Ji 3 Controversy