EOW के शिकंजे में शिल्पा शेट्टी, करोड़ों की ठगी केस में हुई लंबी पूछताछ
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 12:56 PM
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उन्हें ₹60 करोड़ की कथित धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लिए तलब किया था जहां उनसे करीब 5 घंटे तक गहन पूछताछ की गई। इस हाई-प्रोफाइल केस में शिल्पा के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा समेत पांच लोगों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, अभी तक शिल्पा और राज कुंद्रा की सीधी भूमिका को लेकर पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। Shilpa Shetty
क्या है पूरा मामला?
यह मामला लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक और कारोबारी दीपक कोठारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत पर आधारित है। कोठारी का आरोप है कि साल 2015 से 2023 के बीच शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने व्यापार के विस्तार के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये लिए लेकिन वह रकम कभी वापस नहीं की गई।
शिल्पा ने मांगा ₹75 करोड़ का कर्ज
कोठारी के मुताबिक, साल 2015 में शिल्पा ने अपने व्यापार के लिए ₹75 करोड़ के निवेश की बात की। उन्होंने पहले इसे कर्ज के रूप में मांगा फिर निवेश के रूप में पैसा मांगा। इस निवेश के बदले उन्हें मासिक रिटर्न और मूलधन वापसी का आश्वासन दिया गया। अप्रैल 2015 में ₹31.95 करोड़ और सितंबर 2015 में ₹28.53 करोड़ रुपये कोठारी ने दिए। लेकिन पैसे लौटाने के लगातार प्रयासों के बावजूद उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
लुकआउट सर्कुलर भी जारी
इस मामले में गंभीरता को देखते हुए EOW ने सितंबर 2025 में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया था, ताकि देश से बाहर जाने की स्थिति में निगरानी रखी जा सके। शिल्पा शेट्टी और उनके वकील प्रशांत पाटिल ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। उनका कहना है कि वे जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और सच जल्द सामने आएगा।
पुलिस अब शिल्पा शेट्टी के बयान के बाद पूरे केस की लीगल और फाइनेंशियल एंगल से समीक्षा कर रही है। अगर किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या फर्जीवाड़े के साक्ष्य मिलते हैं तो जांच और गहराई से की जाएगी। यह मामला केवल एक बॉलीवुड सितारे से जुड़ा नहीं है, बल्कि देश के कॉर्पोरेट और निवेशक विश्वास तंत्र से भी जुड़ा हुआ है। आने वाले दिनों में इस केस में और भी खुलासे हो सकते हैं। Shilpa Shetty