सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी रिव्यू: वरुण-जान्हवी की रोमांटिक कॉमेडी, बस टाइमपास या कुछ खास?
भारत
चेतना मंच
02 Oct 2025 11:19 AM
Sunny Sanskari ki Tulsi Kumari movie Review: शशांक खेतान की नई फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी रोमांस और कॉमेडी के तड़के के साथ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। वरुण धवन और जान्हवी कपूर की जोड़ी पहली बार एक फुल-ऑन रोमांटिक कॉमेडी में नजर आई है। फिल्म का नाम जितना दिलचस्प है, कहानी उतनी ही प्रेडिक्टेबल लगती है।
कहानी में क्या है खास?
कहानी के हीरो हैं सनी संस्कारी (वरुण धवन), जो मस्तमौला अंदाज में जिंदगी जीते हैं। वह अनन्या (सान्या मल्होत्रा) से प्यार करता है और शादी के लिए प्रपोज भी करने वाला होता है, लेकिन अचानक अनन्या उससे ब्रेकअप कर लेती है। वजह? वह बिजनेस टायकून विक्रम (रोहित सराफ) से शादी करने का फैसला कर लेती है। दूसरी ओर विक्रम भी अपने पुराने प्यार तुलसी कुमारी (जान्हवी कपूर) को घरवालों के दबाव में छोड़ चुका होता है।
इसके बाद सनी और तुलसी मिलकर अनन्या और विक्रम की शादी तोड़ने की प्लानिंग करते हैं। फिल्म की असली कहानी इसी प्लान और शादी के माहौल में चलने वाले कॉमेडी-ड्रामा पर टिकी है।
डायरेक्शन और स्क्रीनप्ले
निर्देशक शशांक खेतान ने इससे पहले हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया, बद्रीनाथ की दुल्हनिया और धड़क जैसी हिट फिल्में दी हैं। लेकिन इस बार उनकी कहानी उतनी दमदार साबित नहीं होती। फिल्म का पहला हाफ काफी धीमा है, वहीं इंटरवल के बाद थोड़ी रफ्तार पकड़ती है। क्लाइमैक्स में ट्विस्ट तो है, लेकिन इमोशनल असर फीका पड़ जाता है।
फिल्म का तकनीकी पहलू
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी आकर्षक है और शादी के माहौल को भव्य तरीके से दिखाया गया है। रंगीन लोकेशंस, स्टाइलिश कॉस्ट्यूम्स और गाने करण जौहर की फिल्मों जैसा ग्लैमर क्रिएट करते हैं। म्यूजिक में केवल ‘पनवाड़ी’ गाना ही दर्शकों के बीच असर छोड़ पाता है।
कलाकारों का प्रदर्शन
वरुण धवन ने एक बार फिर साबित किया कि वे रोमांटिक कॉमेडी में बेस्ट हैं। जान्हवी कपूर ने तुलसी कुमारी के किरदार को ईमानदारी से निभाया और स्क्रीन पर खूबसूरत लगीं। सान्या मल्होत्रा का किरदार थोड़ा अधूरा लिखा गया है, हालांकि उन्होंने अपनी एक्टिंग से पूरा न्याय किया है। रोहित सराफ भी क्यूट लगे, जबकि मनीष पॉल और अक्षय ओबेरॉय ने अपने किरदारों से कॉमेडी और ड्रामा का तड़का लगाया।