आयुष्मान-रश्मिका की ‘थामा’ बनी हिट मशीन, सलमान-ऋतिक के रिकॉर्ड धराशायी!
भारत
चेतना मंच
22 Oct 2025 02:11 PM
Thamma Grand Opening: आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की नई फिल्म ‘थामा’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने पहले दिन 25 करोड़ रुपये की शानदार कमाई करके सबको चौंका दिया। दिवाली पर रिलीज हुई इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म ने दर्शकों के बीच जोरदार पकड़ बनाई है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, ‘थामा’ ने पहले दिन की कमाई में कई बड़े स्टार्स की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और इसे अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग्स में से एक बताया जा रहा है।
सलमान-ऋतिक और अक्षय की फिल्मों को छोड़ा पीछे
‘थामा’ ने अपने पहले दिन की कमाई से कई बड़े सुपरस्टार्स की फिल्मों को पछाड़ दिया है। इसने सलमान खान की ‘दबंग 3’ (24.50 करोड़), अक्षय कुमार की ‘हाउसफुल 5’ (24.35 करोड़) और ऋतिक रोशन की ‘फाइटर’ (24.60 करोड़) जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, फिल्म ने ‘पद्मावत’ (24 करोड़) और ‘सैयारा’ (22 करोड़) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। यह कमाई साबित करती है कि आयुष्मान और रश्मिका की जोड़ी दर्शकों के बीच खूब पसंद की जा रही है।
हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग
‘थामा’ मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स (#MHCU) का हिस्सा है, और यह इस यूनिवर्स की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग देने वाली फिल्म बन गई है। इसके आगे सिर्फ ‘स्त्री 2’ है। वहीं, मैडॉक की सभी फिल्मों में यह तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग रही।
आयुष्मान खुराना के करियर में भी यह फिल्म खास मुकाम बना रही है क्योंकि इसने उनकी पिछली हिट फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ (10.69 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है।
सभी राज्यों में पॉजिटिव रिस्पॉन्स
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘थामा’ को देशभर के सभी राज्यों में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। दर्शक न केवल इसकी कहानी बल्कि इसके ह्यूमर और विजुअल इफेक्ट्स की भी तारीफ कर रहे हैं। रिलीज के दिन से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
फिल्म को दिवाली की लंबी छुट्टियों का फायदा मिलने की उम्मीद है और माना जा रहा है कि यह पहले वीकेंड तक 70 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
आयुष्मान खुराना ने शेयर की ग्रैंड ओपनिंग की खुशी
फिल्म की शानदार ओपनिंग पर आयुष्मान खुराना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा,
“अपनी यूनिक फिल्मों से मैंने हमेशा दर्शकों का दिल जीता है। ‘थामा’ मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है क्योंकि मैं हमेशा चाहता था कि मेरी कोई फिल्म दिवाली पर रिलीज हो। पहले दिन जो प्यार दर्शकों से मिला है, उसने यह साबित कर दिया है कि लोग सिर्फ सीक्वल या बड़े स्टार्स की फिल्में नहीं, बल्कि अच्छी कहानियों को भी उतना ही पसंद करते हैं।”
‘थामा’ की ओपनिंग ने साबित कर दिया है कि दर्शक कंटेंट-बेस्ड फिल्मों को भी बड़े स्तर पर अपनाने लगे हैं। अगर इसी तरह का रिस्पॉन्स जारी रहा, तो यह फिल्म आने वाले हफ्तों में साल की टॉप ग्रॉसिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है।
84 की उम्र में भी स्टेज पर झूमे असरानी, निधन से 10 दिन पहले का वीडियो वायरल!