2 घंटे की थ्रिल और खौफ! लोग क्यों बार-बार देख रहे हैं ‘वश लेवल 2’? अजय देवगन की 'शैतान' से है खास कनेक्शन
भारत
RP Raghuvanshi
01 Sep 2025 02:33 PM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Sep 2025 02:33 PM
हॉरर फिल्मों का क्रेज हमेशा से दर्शकों को थिएटर तक खींचता रहा है, लेकिन इस बार जो फिल्म चर्चा में है, वह है ‘वश लेवल 2’। गुजराती भाषा में बनी इस सुपरनैचुरल साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म को अब हिंदी में भी रिलीज किया गया है और यह दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।
फिल्म की खास कहानी
‘वश लेवल 2’ वहीं से शुरू होती है, जहां पर ‘वश लेवल 1’ खत्म हुई थी। इसमें अथर्व ने अपराधी प्रताप को कैद किया हुआ है, लेकिन उसका भाई राजनाथ उसे छुड़ाने आता है और फिर कहानी में नए ट्विस्ट और डरावने मोड़ आते हैं।
आपको जानकर दिलचस्प लगेगा कि अजय देवगन और आर. माधवन की फिल्म ‘शैतान’, दरअसल ‘वश लेवल 1’ की हिंदी रीमेक थी। ऐसे में ‘वश लेवल 2’ सीधे उसी कहानी को आगे बढ़ाती है और हिंदी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव पेश करती है।
क्यों देखें ‘वश लेवल 2’?
इस फिल्म की IMDb रेटिंग 8.1 है, जो इसे और भी खास बनाती है। फिल्म सिर्फ 2 घंटे की है और इसे जबरदस्ती खींचा नहीं गया। खास बात यह है कि इंटरवल से पहले डर और सस्पेंस का ऐसा माहौल बनाया गया है कि दर्शक सीट से चिपके रहते हैं। हालांकि इंटरवल के बाद कुछ लोगों को लगा कि फिल्म थोड़ी जल्दी खत्म हो गई, लेकिन थ्रिल और खौफ का असर आखिरी तक बना रहता है।
बॉक्स ऑफिस पर धमाल
रिलीज के सिर्फ 5 दिनों में फिल्म ने 7.07 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने बजट का लगभग 90% रिकवर कर लिया है। यह उपलब्धि गुजराती सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रही है और हिंदी दर्शकों के बीच भी इसे खूब पसंद किया जा रहा है।