ऑनलाइन मिलेगी मशहूर गायक जुबिन गर्ग की अस्थियां, सरकार ने बनाया अनोखा प्लान!
भारत
चेतना मंच
24 Sep 2025 12:38 PM
असम के मशहूर गायक और संगीतकार जुबिन गर्ग को खोने के बाद अब राज्य सरकार ने उनकी अस्थियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने घोषणा की है कि जुबिन गर्ग की अस्थियां संगठनों और व्यक्तियों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से दी जाएंगी। इसके लिए एक विशेष पोर्टल बनाया जाएगा, जिसकी देखरेख असम का सांस्कृतिक विभाग करेगा।
मंत्री ने बताया अस्थियां कैसे मिलेंगी
असम के शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने बताया कि सरकार एक आसान पोर्टल शुरू करेगी, जहां से संगठन और संस्थाएं जुबिन गर्ग की अस्थियां पाने के लिए आवेदन कर सकेंगी। अगर संगठनों को अस्थियां देने के बाद कुछ बचती हैं और व्यक्तिगत आवेदन भी आते हैं, तो उन पर भी विचार किया जाएगा।
जोरहाट में भी होगा स्मारक
पेगू ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की घोषणा के मुताबिक अस्थियों का एक हिस्सा जोरहाट ले जाया जाएगा। यही वह जगह है, जहां जुबिन गर्ग ने अपने जीवन के शुरुआती साल बिताए थे। यहां उनकी याद में एक स्मारक भी बनाया जाएगा और मृत्यु के तेरहवें दिन के अनुष्ठान वहीं पूरे किए जाएंगे।
कमरकुची में बनेगा स्थायी स्मारक
कमरकुची में वह स्थान, जहां जुबिन गर्ग का अंतिम संस्कार किया गया था, अब पूरी तरह सुरक्षित किया जा रहा है। वहां स्थायी चाहरदीवारी का निर्माण शुरू हो चुका है। साथ ही, सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस का एक शिविर भी स्थापित किया जाएगा ताकि लोग सुरक्षित माहौल में अपने प्रिय गायक को श्रद्धांजलि दे सकें।