Advertisement
Advertisement
Rule Change: 1 मार्च 2026 से कई बड़े नियम बदलने जा रहे हैं जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। रेलवे टिकट बुकिंग के नियमों में भी अपडेट हो सकता है। UPI पेमेंट सिस्टम में नई सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा सकती है।

हर महीने की पहली तारीख अपने साथ कुछ नए बदलाव लेकर आती है लेकिन इस बार 1 मार्च 2026 खास रहने वाला है। रसोई गैस से लेकर ट्रेन टिकट बुकिंग, UPI पेमेंट, सिम कार्ड और बैंक अकाउंट तक कई ऐसे नियम बदलने जा रहे हैं जो सीधे आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे। अगर आप पहले से इन बदलावों को समझ लें तो आने वाले खर्च की बेहतर प्लानिंग कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि क्या-क्या बदल रहा है।
हर महीने की तरह 1 मार्च को भी LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा होगी। पिछले कुछ समय से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ही बदलाव देखा गया है। फरवरी में कंपनियों ने इसमें करीब ₹49 तक की बढ़ोतरी की थी। घरेलू रसोई गैस के दाम फिलहाल स्थिर हैं लेकिन इस महीने इनमें बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर कीमत बढ़ती है तो होटल-रेस्टोरेंट से लेकर आम घरों का बजट प्रभावित हो सकता है।
1 मार्च 2026 से भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। पुराने UTS ऐप को बंद कर उसकी जगह नया RailOne ऐप पूरी तरह लागू किया जा सकता है। इस नए ऐप के जरिए जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल यात्रा से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह मिलेंगी। यात्रियों के लिए यह बदलाव सुविधाजनक हो सकता है लेकिन शुरुआत में लोगों को नए ऐप की आदत डालनी होगी।
डिजिटल फ्रॉड पर रोक लगाने के लिए सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग का नया नियम लागू कर सकती है। इसके तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप सीधे आपके मोबाइल सिम से जुड़े रहेंगे। अगर आप फोन से सिम निकालते हैं तो ये ऐप तुरंत काम करना बंद कर सकते हैं। यहां तक कि केवल वाई-फाई के जरिए भी इन्हें इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। यह कदम सुरक्षा के लिहाज से अहम है लेकिन यूजर्स के लिए थोड़ा सख्त साबित हो सकता है।
1 मार्च से डिजिटल पेमेंट सिस्टम में भी बदलाव की तैयारी है। अब बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए सिर्फ UPI PIN डालना काफी नहीं होगा। बैंकों द्वारा हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा जैसे बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया जा सकता है। इसका मकसद ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकना है। हालांकि इससे पेमेंट करने में कुछ सेकंड ज्यादा लग सकते हैं लेकिन आपका पैसा ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
देश के बड़े सरकारी बैंक 1 मार्च 2026 से मिनिमम बैलेंस के नियम में बदलाव करने की तैयारी में हैं। पहले अगर किसी एक दिन खाते में बैलेंस कम हुआ तो पेनल्टी लग जाती थी। अब औसत मासिक बैलेंस के आधार पर जुर्माना तय किया जाएगा। इससे ग्राहकों को थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि एक-दो दिन बैलेंस कम होने पर तुरंत पेनल्टी नहीं लगेगी।
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां CNG, PNG और हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले ATF के दाम तय करती हैं। 1 मार्च को भी इनमें बदलाव हो सकता है। अगर CNG और PNG महंगी होती है तो गाड़ियों का खर्च और रसोई गैस का बजट प्रभावित हो सकता है। वहीं ATF की कीमतों में बदलाव का असर हवाई टिकट पर भी दिख सकता है।