कंपनी के शेयरों में करीब 5 फीसदी तक की तेज उछाल रही और स्टॉक 165.85 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं दूसरी ओर, लगातार बाजार में मजबूती के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर हरे निशान में लौटने के लिए जूझता दिखा।

Stock Market : भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी के बीच अंबानी परिवार की दोनों कंपनियां सुर्खियों में हैं। गुरुवार के शुरुआती कारोबार में वह तस्वीर उलटती दिखी, जो आम तौर पर देखने को मिलती है। बड़े भाई मुकेश अंबानी की फ्लैगशिप कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज दबाव में रही, जबकि छोटे भाई अनिल अंबानी की कंपनियों के शेयरों में शानदार तेजी दर्ज की गई। खबर लिखे जाने तक मुकेश अंबानी की प्रमुख कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर करीब 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 1,565.00 रुपये के आसपास कारोबार कर रहे थे। इसके उलट, अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर में बढ़त देखने को मिली। यह शेयर करीब 2.68 फीसदी की बढ़त के साथ 40.54 रुपये तक पहुंच गया, यानी आज इसमें लगभग 1.06 रुपये की उछाल दर्ज की गई। इतना ही नहीं, अनिल अंबानी की दूसरी कंपनी रिलायंस इंफ्रा भी बाजार की रैली का पूरा फायदा उठाती दिखी। कंपनी के शेयरों में करीब 5 फीसदी तक की तेज उछाल रही और स्टॉक 165.85 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं दूसरी ओर, लगातार बाजार में मजबूती के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर हरे निशान में लौटने के लिए जूझता दिखा।
गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में तूफानी शुरुआत हुई। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 86,000 के पार निकल गया, जबकि निफ्टी ने भी अपना नया ऑल-टाइम हाई छू लिया। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ हल्की मुनाफावसूली देखने को मिली और खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स कुछ फिसलकर भी करीब 275 अंकों की बढ़त के साथ 85,883.76 पर बना हुआ था।
शेयर बाजार की इस तेज रफ्तार के पीछे कई बड़े कारक काम कर रहे हैं। सबसे अहम उम्मीद यह है कि अमेरिका की फेडरल रिजर्व (Fed) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की दिशा में नरम रुख अपना सकते हैं। यही उम्मीद बाजार की धारणा को मजबूत कर रही है।दूसरी ओर, कई बड़ी कंपनियों के शेयर अपेक्षाकृत सस्ते स्तर पर होने और उनकी कमाई में सुधार की संभावना से विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) दोबारा आक्रामक खरीदारी कर रहे हैं। सिर्फ 26 नवंबर को एफआईआई ने करीब 4,778 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इसके साथ ही, रूस–यूक्रेन युद्ध को लेकर कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की संभावनाएं बढ़ने से वैश्विक बाजार की धारणा में भी सुधार हुआ है। अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ के अगले हफ्ते मॉस्को जाकर वार्ता करने की खबर ने भी निवेशकों के मनोबल को सहारा दिया है। कुल मिलाकर, रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचते भारतीय शेयर बाजार में आज फोकस सिर्फ इंडेक्स पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी है कि अंबानी परिवार की कंपनियों में छोटे भाई अनिल अंबानी के शेयरों ने कुछ समय के लिए ही सही, लेकिन बड़े भाई मुकेश अंबानी की प्रमुख कंपनी को पीछे छोड़ दिया। Stock Market