Business News : इफको के हेल्प डेस्क से वेंडर को एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सुविधाएं
IFFCO's help desk will provide many facilities to vendors under one roof
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:59 PM
प्रयागराज। इफको के फूलपुर स्थित संयंत्र में वेंडर्स हेतु एक हेल्प डेस्क का उद्घाटन इकाई प्रमुख संजय कुदेशिया के कर कमलों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुदेशिया ने बताया कि इफको अपने वेंडर्स को अपने परिवार का हिस्सा मानती है और उनके हितों की रक्षा करना अपना दायित्व समझती है।
Business News
हेल्प डेस्क के उद्देश्यों के बाबत फूलपुर संयंत्र के वित्त प्रमुख एसके सिंह ने बताया कि यह इफको के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय शंकर अवस्थी के सर्व कल्याणकारी सोच का विस्तार है। यहां इफको के वेंडर्स को जीएसटी एवं आयकर संबंधित सेवा, बीमा सेवा और बैंकिंग सेवा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। यही नहीं, कर संबंधित सेवा बाजार दर से न्यूनतम दस प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध होगी। इससे न केवल वेंडर्स राहत महसूस करेंगे, बल्कि इफको फूलपुर को भी जीएसटी संबंधित कई समस्याओं से निजात मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि कर संबंधित सेवा प्रयागराज के प्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट अमित तिवारी द्वारा अपने फर्म के माध्यम से दी जाएगी। जबकि बीमा सेवा इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा, बैंकिंग सेवा इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
Business News
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त महाप्रबंधक (तकनीकी) संजय वैश्य ने इस प्रयोग के सफलता हेतु अपनी शुभकामनाएं दी। फूलपुर संयंत्र के जनसंपर्क अधिकारी एवं फूलपुर इफको अधिकारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कार्यक्रम में आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
संयुक्त महाप्रबंधक संजय वैश्य, एमडी मिश्र, एपी राजेन्द्रन, संजय भंडारी, पीके सिंह, पीके पटेल उपस्थित रहे। विभागाध्यक्ष मानव संसाधन शम्भू शेखर, उपमहाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) संतोष कुमार सिंह, इफको ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्र व महामंत्री स्वयं प्रकाश, इफको कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पंकज पाण्डेय व महामंत्री विनय यादव कार्यक्रम में शामिल रहे|