डॉलर की तेजी और फेड रिजर्व की नीतियों के दबाव में सोने की कीमतों में लगातार बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सिर्फ तीन दिनों में सोना करीब ₹5800 सस्ता हो चुका है जबकि चांदी भी ₹11,000 से ज्यादा टूट गई है। MCX से लेकर ग्लोबल मार्केट तक गोल्ड–सिल्वर में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।

अगर आप सोना खरीदने की लम्बे समय से प्लानिंग कर रहे हैं तो ये हफ्ता आपके लिए किसी बड़े मौके और तोहफे से कम नहीं है। क्योंकि डॉलर की तगड़ी बढ़त ने गोल्ड को ऐसा झटका दिया है कि तीन दिनों में सोना लगभग ₹5800 टूट गया है। इतना ही नहीं अगर कीमतों को लाइफ टाइम हाई से तुलना करें तो सोना करीब ₹11,294 रुपये तक नीचे आ चुका है। एक घंटे के अंदर-अंदर 1900 रुपये की भारी गिरावट ने ट्रेडर्स को भी चौंका दिया।
सोने के दामों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेड रिजर्व की नीति और डॉलर इंडेक्स में तेज उछाल माना जा रहा है। फेड की तरफ से ब्याज दरों में कटौती टालने का फैसला दुनिया भर के मार्केट पर सीधे असर डाल रहा है। डॉलर जितना मजबूत होता है गोल्ड उतना ही कमजोर पड़ने लगता है। इसी वजह से निवेशक सोने में कम पैसा डाल रहे हैं और मार्केट में डर का माहौल बन गया है। न्यूयॉर्क से लेकर मुंबई तक हर जगह गोल्ड मार्केट इसी दबाव में दिखा।
भारतीय वायदा बाजार MCX में सोना तीसरे दिन भी भारी गिरावट में रहा। सुबह 10:15 बजे सोना ₹1,719 गिरकर ₹1,21,208 रुपये पर ट्रेड हो रहा था जबकि ट्रेडिंग के दौरान यह और फिसलकर ₹1,21,000 तक आ गया। पिछले दिन ये ₹1,22,927 पर बंद हुआ था जबकि आज का ओपनिंग प्राइस ₹1,22,121 था। लगातार तीन दिन की इस कमजोरी में सोना कुल ₹5,751 रुपये लुढ़क चुका है। बाजार की चाल देखकर साफ लगता है कि अभी गिरावट थमने का कोई संकेत नहीं है।
सोने के साथ-साथ चांदी ने भी इस बार पूरी तरह घुटने टेक दिए हैं। MCX पर चांदी आज ₹3,618 गिरकर ₹1,51,694 रुपये पर पहुंच गई और ट्रेडिंग के दौरान ये ₹1,51,250 तक नीचे आ गई। तीन दिन पहले चांदी का भाव ₹1,62,470 था यानी कुल मिलाकर ₹11,220 रुपये की गिरावट हो चुकी है। एक महीने पहले चांदी अपने लाइफ टाइम हाई ₹1,70,415 पर थी, यानी हाई से अब तक यह लगभग ₹19,165 रुपये टूट चुकी है।
न्यूयॉर्क के कॉमेक्स मार्केट में गोल्ड और सिल्वर दोनों की कीमतों में बड़ा झटका लगा है। गोल्ड फ्यूचर लगभग $66 टूट गया, जबकि गोल्ड स्पॉट $36.17 की गिरावट पर रहा। सिल्वर भी पीछे नहीं रहा सिल्वर फ्यूचर $49.37 और सिल्वर स्पॉट $49.60 पर ट्रेड करते हुए गिरावट में दिखा। ग्लोबल मार्केट से मिले इन संकेतों ने भारतीय बाजार को भी नीचे धकेल दिया है।
ऑगमोंट गोल्ड फॉर ऑल की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी ने बताया कि सोना इस समय एक बेहद महत्वपूर्ण लेवल पर खड़ा है। अगर गोल्ड $4,150 के ऊपर टिक पाता है तो इसमें फिर से तेजी आने की उम्मीद है। लेकिन अगर यह $4,050 के नीचे जाता है तो सोना सीधे $3,900 के पिछले निचले स्तर की तरफ फिसल सकता है। चांदी को लेकर उन्होंने कहा कि $54 के लेवल को छूने के बाद चांदी में जोरदार बिकवाली दिखी है। अगर यह $50 के नीचे बंद होती है तो स्थिति और खराब हो सकती है और $47 से नीचे आते ही इसका रास्ता सीधे $44 डॉलर की ओर खुल जाएगा। कुल मिलाकर एक्सपर्ट्स का मानना है कि अभी गोल्ड और सिल्वर दोनों में उतार–चढ़ाव जारी रह सकता है और गिरावट का दबाव आगे भी बन सकता है।
निवेशकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब खरीदारी करनी चाहिए? मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी जल्दी फैसला न लें। कुछ दिनों तक कीमतों में और नरमी आ सकती है। अगर गोल्ड $4,050 के नीचे जाता है तब इसे खरीदने का एक बेहतरीन मौका कहा जा सकता है। फिलहाल मार्केट को थोड़ा और स्थिर होने दें और फिर अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कदम उठाएं।