21 फरवरी को सोने की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है जबकि चांदी के दाम में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों में 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने का ताजा भाव क्या है इसकी पूरी जानकारी इस लेख में दी गई है।

21 फरवरी को सोने की कीमतों में एक बार फिर मजबूती देखने को मिली है जबकि चांदी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ती नजर आ रही है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता चाहे वह रूस-यूक्रेन के बीच विफल बातचीत हो या अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर रुख करने पर मजबूर किया है। ऐसे माहौल में सोना एक बार फिर भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरा है।
राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,57,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,44,410 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। शुक्रवार को सराफा बाजार में सोने की कीमत में 850 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई और भाव 1,59,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। निवेश बैंक जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि 2026 के अंत तक सोना 6,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है।
अगर दूसरे बड़े शहरों की बात करें तो मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,57,380 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है जबकि 22 कैरेट का भाव लगभग 1,44,260 रुपये प्रति 10 ग्राम है। पुणे और बेंगलुरु में भी यही दरें देखने को मिल रही हैं। जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 1,57,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुका है। अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोना 1,57,430 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है।
वहीं चांदी की बात करें तो इसमें हल्की गिरावट दर्ज की गई है। 21 फरवरी की सुबह चांदी का भाव 2,69,900 रुपये प्रति किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 80.5 डॉलर प्रति औंस चल रहा है। इससे पहले दिल्ली के सराफा बाजार में शुक्रवार को चांदी 2,64,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही थी। हालांकि जनवरी में चांदी ने 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का स्तर भी पार किया था जिससे साफ है कि इसमें भी उतार-चढ़ाव तेज बना हुआ है।।