गरमा-गरम खाना अब और भी फटाफट! Swiggy ने Bounce से मिलाया हाथ
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:54 PM
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy और किराना डिलीवरी सर्विस Instamart से जुड़े डिलीवरी पार्टनर्स के लिए एक अच्छी खबर है। अब उन्हें जल्द ही किफायती दाम पर इलेक्ट्रिक स्कूटर मिल सकेंगे जिससे न सिर्फ उनकी कमाई बढ़ेगी, बल्कि डिलीवरी भी पहले से तेज और पर्यावरण के अनुकूल होगी। Swiggy ने इस पहल के लिए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड Bounce के साथ साझेदारी की है। इस करार के तहत अगले तीन महीनों में दिल्ली-NCR और बेंगलुरु में डिलीवरी के लिए खास तौर पर डिजाइन किए गए नए ई-स्कूटर्स लॉन्च किए जाएंगे। Swiggy
सस्ती कीमत कम खर्च
Swiggy और Bounce की यह साझेदारी डिलीवरी पार्टनर्स के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को आसान और अफॉर्डेबल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इन ई-स्कूटर्स की कीमत Bounce ऐप और Swiggy के डिलीवरी पार्टनर ऐप पर स्पेशल रेट पर उपलब्ध होगी। Swiggy ने बताया कि इससे न सिर्फ ऑपरेटिंग कॉस्ट में कटौती होगी, बल्कि डिलीवरी सेवाओं का कार्बन फुटप्रिंट भी कम होगा। Bounce पहले ही देशभर में 50 से ज्यादा ईवी पार्टनर्स के साथ काम कर रहा है और यह गठजोड़ उसकी पहुंच और सप्लाई चेन को और मजबूत बनाएगा।
देशभर में जल्द विस्तार की योजना
Swiggy के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (ड्राइवर और डिलीवरी ऑर्गनाइजेशन), सौरव गोयल ने कहा, "Bounce के साथ हमारी यह साझेदारी ईको-फ्रेंडली और किफायती डिलीवरी की दिशा में हमारा अगला कदम है। आने वाले महीनों में हम इस पहल को देश के और भी शहरों में विस्तार देने की योजना बना रहे हैं।"
Swiggy ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस
जहां कंपनी अपने डिलीवरी सिस्टम को और प्रभावी बना रही है, वहीं प्लेटफॉर्म फीस में भी हाल ही में बदलाव किया गया है। Swiggy ने प्रत्येक ऑर्डर पर फीस ₹2 बढ़ाकर ₹14 कर दी है। कंपनी का तर्क है कि त्योहारों के समय ऑर्डर की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में यह वृद्धि आवश्यक है। गौर करने वाली बात है कि अप्रैल 2023 में यह शुल्क ₹2 था, जो अब अगस्त 2025 तक बढ़कर ₹14 हो गया है यानी 600% की बढ़ोतरी।
Swiggy प्रतिदिन औसतन 20 लाख ऑर्डर प्रोसेस करता है। मौजूदा ₹14 प्लेटफॉर्म फीस के आधार पर कंपनी को हर दिन करोड़ों रुपये की अतिरिक्त कमाई हो रही है। इसके बावजूद हालिया वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, Swiggy को Q1 FY26 (जून तिमाही) में ₹1,197 करोड़ का घाटा हुआ है, जो Q1 FY25 में ₹611 करोड़ था। यानी कंपनी का घाटा लगभग दोगुना हो गया है। Swiggy की इलेक्ट्रिक स्कूटर योजना जहां डिलीवरी पार्टनर्स के लिए राहत और पर्यावरण के लिए राहत की खबर है वहीं प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा ग्राहकों को थोड़ा खल सकता है। अब देखना होगा कि आने वाले महीनों में Swiggy इन दोनों पहलुओं को कैसे बैलेंस करता है। Swiggy