आज के शेयर बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी फिर हरे निशान में लौटे। आईटी स्टॉक्स में हल्की गिरावट देखने को मिली जबकि मेटल और रियल्टी सेक्टर ने मजबूती दिखाई। जानिए आज के टॉप गेनर–लूजर, FII और DII की गतिविधियां और कल के लिए मार्केट का मूड कैसा रहेगा।

आज शेयर बाजार ने थोड़ी कमजोर शुरुआत की लेकिन जल्द ही हरे निशान में लौट आया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही इंडेक्स आज सुबह हल्की गिरावट के साथ खुले थे लेकिन बाद में इन्वेस्टर्स की खरीदारी से बाजार में रिकवरी देखी गई। 13 नवंबर को सेंसेक्स और निफ्टी ने लगातार चौथे दिन बढ़त दर्ज की है जिससे निवेशकों में फिर से पॉजिटिव सेंटीमेंट लौटा है।
आज सुबह सेंसेक्स 59.38 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 84,525.89 पर खुला और थोड़ी देर बाद यह 84,630.86 के ऊपरी स्तर तक गया। वहीं निफ्टी ने 30.3 अंकों की बढ़त के साथ 25,906.10 पर शुरुआत की और कुछ ही समय में 25,925.60 के हाई लेवल को छू लिया। हालांकि, आज आईटी शेयरों में हल्की फिसलन दिखाई दी जबकि अन्य सेक्टर्स ने मार्केट को संभाले रखा। निफ्टी के सेक्टोरल इंडेक्सेज में मेटल, रियल्टी, बैंकिंग और ऑटो सेक्टर में अच्छी तेजी दिखी। मेटल इंडेक्स 1.5% और रियल्टी इंडेक्स 1% ऊपर रहा वहीं आईटी, ऑयल एंड गैस, FMCG और केमिकल्स सेक्टर दबाव में रहे।
एक दिन पहले (बुधवार) बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। BSE सेंसेक्स 595 अंक या 0.70% बढ़कर 84,466.51 पर बंद हुआ था जबकि NSE निफ्टी भी 180 अंक की छलांग लगाकर 25,875.80 पर बंद हुआ था। इससे साफ है कि बाजार में अब भी मजबूत मूवमेंट बना हुआ है। हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब नई ऊंचाई पर जाने के लिए बाजार को कुछ और बड़े ट्रिगर्स की जरूरत है।
बुधवार के सेशन में विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सेलर की भूमिका में रहे। उन्होंने करीब 1,750.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस मौके का फायदा उठाया और 5,127.12 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।यानी घरेलू निवेशकों ने विदेशी बिकवाली के बावजूद बाजार को संभाले रखा।
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार फिलहाल मजबूत तो है लेकिन नई रिकॉर्ड ऊंचाई हासिल करने के लिए नए ट्रिगर्स की जरूरत पड़ेगी। बिहार चुनाव परिणाम को बाजार ने पहले ही डिस्काउंट कर लिया है इसलिए फिलहाल कोई बड़ा राजनीतिक इवेंट नहीं है जो बाजार को ऊपर की ओर धकेल सके।
हालांकि, अगर चुनाव के नतीजे एग्जिट पोल से अलग निकले तो मार्केट में उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिल सकता है। वोलैटिलिटी इंडेक्स ‘इंडिया VIX’, जो बाजार के उतार-चढ़ाव को मापता है आज शुरुआती कारोबार में 7% तक गिरकर 11.23 पर आ गया था। बाद में इसमें हल्की रिकवरी आई और गिरावट घटकर सिर्फ 1.71% रह गई। यह दिखाता है कि निवेशकों का डर या बेचैनी अब कम हो रही है और बाजार में स्थिरता बढ़ रही है।
आज वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। चीन का SSE कंपोजिट और जापान का निक्की 225 हरे निशान में रहे जबकि हांगकांग का हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में बंद हुए। अमेरिकी बाजारों में बुधवार को बढ़त देखने को मिली, जिससे भारतीय बाजारों को भी सकारात्मक संकेत मिले।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। चेतना मंच की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।