Stock Market: शेयर बाजार में हुई गिरावट, सेंसेक्स 481 अंक लुढ़का
Stock Market
भारत
चेतना मंच
12 Dec 2022 05:23 PM
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार (Share Market) ने इस सप्ताह की शुरुआत भी नुकसान के साथ हुई है। पिछले सप्ताह सभी कारोबारी सत्र में नुकसान दिखा था। सोमवार को भी कारोबार की शुरुआत में ही बिकवाली और मुनाफावसूली शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स 62 हजार से नीचे उतर आया और निफ्टी 18,400 के स्तर से नीचे चला गया।
आज सेंसेक्स 481 अंकों की गिरावट के साथ 61,700 पर खुला और कारोबार की शुरुआत हुई। निफ्टी भी 143 अंक टूटकर 18,354 पर खुला और कारोबार शुरू किया। आज ग्लोबल मार्केट में आई गिरावट का असर निवेशकों के सेंटिमेंट पर साफ देखा जा सकता है। कारोबार शुरू होते ही निवेशकों ने बिकवाली और मुनाफावसूली शुरू कर दी. हालांकि, थोड़ी देर बाद इसमें कुछ नरमी आई और सेंसेक्स सुबह 9.32 बजे 411 अंकों के नुकसान के साथ 61,771 पर कारोबार करने लगा, जबकि निफ्टी 92 अंक टूटकर 18,402 पर आ गया।
इन शेयरों ने कराया नुकसान
निवेशकों ने आज शुरुआत से ही Infosys, TCS, HCL Technologies, Wipro और Bajaj Finserv जैसी कंपनियों के शेयरों की बिकवाली शुरू कर दी जिससे ये स्टॉक टॉप लूजर की सूची में आ गए। दूसरी ओर, Coal India, IndusInd Bank, M&M, Grasim Industries और ONGC जैसी कंपनियों में जमकर खरीदारी हुई, जिससे ये स्टॉक्स टॉप गेनर की श्रेणी में आ गए।
एशियाई बाजार भी लाल निशान पर
एशिया के ज्यादातर शेयर बाजारों में आज सुबह गिरावट दिख रही है. सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज पर आज सुबह 0.22 फीसदी का नुकसान दिखा तो जापान का निक्केई 0.26 फीसदी गिरकर कारोबार जारी है। ताइवान के शेयर बाजार में 1.01 फीसदी तो दक्षिण कोरिया के कॉस्पी पर 0.59 फीसदी का नुकसान हुआ है।