विज्ञापन
इससे यूजर्स की प्राइवेसी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होगी और खासकर महिलाओं समेत उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो अपना नंबर अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करना चाहते। WhatsApp का यह फीचर फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है और आने वाले समय में दुनिया भर के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।

Whatsapp New Feature: अगर आप WhatsApp इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही ऐप में एक ऐसा फीचर आने वाला है जिसका इंतजार यूजर्स लंबे समय से कर रहे थे। इस नए फीचर के आने के बाद लोगों को किसी नए व्यक्ति से बात करने के लिए अपना मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसकी जगह अब Username की मदद से चैट शुरू की जा सकेगी। इससे यूजर्स की प्राइवेसी पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होगी और खासकर महिलाओं समेत उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो अपना नंबर अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करना चाहते। WhatsApp का यह फीचर फिलहाल धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है और आने वाले समय में दुनिया भर के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।
अब तक WhatsApp पर किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी था। जैसे ही कोई आपका नंबर सेव करता था उसे पता चल जाता था कि आप WhatsApp पर मौजूद हैं। इसके बाद वह आपको मैसेज या कॉल भी कर सकता था। नए Username फीचर के आने के बाद यह तरीका बदल जाएगा। अब हर यूजर अपने अकाउंट के लिए एक अलग Username बना सकेगा जो @ से शुरू होगा। अगर आप किसी को अपना Username देते हैं तो सामने वाला उसी के जरिए आपसे संपर्क कर सकेगा। ऐसे में आपका मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह फीचर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है जो अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखना चाहते हैं।
आज के समय में कई लोगों को अपना मोबाइल नंबर अनजान लोगों के साथ साझा करना पड़ता है। चाहे ऑनलाइन खरीदारी हो, कैब बुक करनी हो या किसी सर्विस का इस्तेमाल करना हो कई बार नंबर देना मजबूरी बन जाता है। ऐसे मामलों में कई लोगों को बाद में अनचाहे मैसेज और कॉल का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं के लिए यह एक बड़ी समस्या रही है। WhatsApp का नया Username फीचर इसी परेशानी को कम करने की कोशिश करेगा। अब जरूरत पड़ने पर लोग केवल अपना Username शेयर कर सकेंगे। इससे मोबाइल नंबर निजी रहेगा और अनजान लोगों तक आसानी से नहीं पहुंचेगा।
WhatsApp में यह फीचर मिलने के बाद यूजर ऐप की Settings में जाकर अपनी प्रोफाइल खोल सकेंगे। वहां नाम के नीचे Username जोड़ने का विकल्प दिखाई देगा। यूजर अपनी पसंद का Username चुन सकेंगे लेकिन वही Username मिलेगा जो पहले से किसी और ने नहीं लिया होगा। अगर चुना गया नाम उपलब्ध नहीं होगा तो ऐप दूसरा विकल्प चुनने के लिए कहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर अपने Instagram या Facebook से मिलता-जुलता Username भी रख सकते हैं अगर वह उपलब्ध हो।
WhatsApp ने इस फीचर की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। फिलहाल यह कुछ बीटा यूजर्स के पास दिखाई दे रहा है और धीरे-धीरे अन्य लोगों तक भी पहुंच रहा है। उम्मीद है कि साल के अंत तक यह फीचर सभी WhatsApp यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा। कुछ यूजर्स को पहले से ही Username रिजर्व करने का विकल्प भी मिल रहा है। अगर आपके ऐप में यह फीचर अभी नहीं दिख रहा है, तो समय-समय पर WhatsApp को अपडेट करते रहें। जैसे ही फीचर आपके अकाउंट में आएगा, आप अपना पसंदीदा Username चुन सकेंगे।
WhatsApp का यह नया फीचर निश्चित रूप से प्राइवेसी को बेहतर बनाएगा लेकिन इसका असर उन मामलों में ज्यादा होगा जहां आप पहली बार किसी व्यक्ति से जुड़ रहे हों। अगर आपका नंबर पहले से कई लोगों के पास मौजूद है तो यह फीचर उन संपर्कों को नहीं हटाएगा। हालांकि आगे से नए लोगों के साथ बातचीत करते समय मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
विज्ञापन