बिहार इंटर लेवल भर्ती 2025: अब 23175 पदों पर मौका, आवेदन कल से शुरू
भारत
चेतना मंच
14 Oct 2025 01:36 PM
BSSC 2nd Inter Level Vacancy 2025: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने इंटर पास अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका दिया है। लंबे इंतज़ार के बाद अब बिहार सेकेंड इंटर लेवल भर्ती 2025 के तहत 23175 पदों पर आवेदन प्रक्रिया एक बार फिर से शुरू हो रही है। आवेदन की शुरुआत 15 अक्टूबर 2025 से की जाएगी। इससे पहले यह भर्ती 12199 पदों के लिए निकली थी, लेकिन अब इसमें 10976 नए पद जोड़कर कुल वैकेंसी 23175 कर दी गई है।
फिर से खुली आवेदन विंडो
जो उम्मीदवार पहले आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अब 15 अक्टूबर से www.onlinebssc.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही इस भर्ती के लिए फॉर्म भरा था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है। वे सभी उम्मीदवार अपने पहले आवेदन के आधार पर सभी पदों के लिए पात्र माने जाएंगे।
किस वर्ग को कितने पद मिले
कुल 23175 वैकेंसी में से 35 फीसदी (7394 पद) महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं, 10142 पद अनारक्षित, 3212 एससी, 219 एसटी, 3974 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 2562 पिछड़ा वर्ग, 767 पिछड़े वर्ग की महिलाओं और 229 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
योग्यता और परीक्षा प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम योग्यता 12वीं (इंटर) पास रखी गई है। कुछ पदों पर कंप्यूटर टाइपिंग का ज्ञान भी आवश्यक होगा। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी — प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और स्किल टेस्ट।
प्रारंभिक परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन, गणित, सामान्य विज्ञान और मानसिक क्षमता से प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 150 प्रश्न होंगे और प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 15 मिनट की होगी।
कटऑफ और नॉर्मलाइजेशन सिस्टम
प्रीलिम्स में न्यूनतम क्वालिफाइंग मार्क्स सामान्य वर्ग के लिए 40%, बीसी के लिए 36.5%, एमबीसी के लिए 34%, जबकि एससी/एसटी के लिए 32% रखे गए हैं।
यदि परीक्षा कई शिफ्टों में आयोजित होती है, तो नॉर्मलाइज्ड पद्धति से रिजल्ट जारी किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल वैकेंसी से 5 गुना उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
आवेदन शुल्क और अन्य जानकारी
सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये तय किया गया है। आयोग ने बताया कि पहले से लगभग 27 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, लेकिन अब पद बढ़ने से आवेदकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
यह भर्ती बिहार में लगभग 9 साल बाद निकली दूसरी इंटर लेवल परीक्षा है। पहली बार यह परीक्षा 2014 में आयोजित हुई थी जिसका फाइनल रिजल्ट सात साल बाद जारी किया गया था।
अगर आप 12वीं पास हैं और सरकारी नौकरी का सपना देखते हैं, तो यह आपके लिए एक शानदार अवसर है। 15 अक्टूबर से आवेदन शुरू होंगे, इसलिए पात्र उम्मीदवार जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
Indian Army Bharti 2025: सिर्फ इंटरव्यू से बन सकते हैं लेफ्टिनेंट, जानें पूरी प्रक्रिया!