News Update : अब तक की सुर्खियां, वो खबरें जिन पर रहेंगी हमारी नजर
The headlines so far, the news on which we will keep an eye
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:27 AM
राष्ट्रीय :
1. श्रद्धा मर्डर केस में आज आरोपी आफताब का नार्को टेस्ट किया जाएगा। पुलिस ने इसके लिए 40 सवालों की लिस्ट तैयार की है। आफताब ने इस शातिराना तरीके से श्रद्धा का मर्डर किया है कि उसके परतें खोलना और घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस टेस्ट से उन्हें कुछ अहम जानकारियां मिल सकती हैं। वहीं, मर्डर वेपन और श्रद्धा के सिर की तलाश अब भी जारी है। इससे पहले शनिवार को दिल्ली पुलिस के हाथ 18 अक्टूबर का सीसीटीवी फुटेज लगा है। इसमें सुबह चार बजे आफताब बैग ले जाते हुए देखा गया। पुलिस को शक है कि वह श्रद्धा के बॉडी के टुकड़ों को फेंकने गया था। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने महरौली वाले फ्लैट से सारे कपड़ों को जब्त कर लिया है। इनमें श्रद्धा के कपड़े भी शामिल हैं।
News Update :
2. जम्मू और कश्मीर के अनंतनाग में रविवार तड़के आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच चल रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, अनंतनाग जिले के बिजबेहरा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना द्वारा संयुक्त ऑपरेशन चलाया जा रहा है। कश्मीर जोन पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर ट्वीट करते हुए जानकारी दी कि जैसे ही सुरक्षाबलों का दल आतंकियों के ठिकाने के करीब पहुंचा तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी की चपेट में लश्कर का एक आतंकी आ गया। उसे तुरंत उप जिला अस्पताल बीजबेहाड़ा ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। मृतक आतंकी की पहचान कुलगाम के सज्जाद तांत्रे के रूप में हुई है। मारे गए आतंकी को सुरक्षाबल अपने साथ लेकर अनंतनाग में छिपे आतंकियों की तलाश में जुटे थे कि अचानक एक जगह पर छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
3. आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर शनिवार की रात बड़ा हादसा हुआ। आई-10 कार और मिनी ट्रक में भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। ये दिल्ली के अशोक विहार में रहते थे। हादसा करीब नौ बजे का है। आई-10 कार में तीन लोग दिल्ली से आगरा जा रहे थे। आगरा की तरफ से मिनी ट्रक आ रहा था। हाथरस में बाईपास पर गांव मीतई स्थित त्यागी होटल के पास कार और मिनी ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। चंदपा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला। तीनों को जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। जेब में मिली आईडी से चालक की शिनाख्त दिल्ली के अशोक विहार शहीद सुखदेव नगर ब्लाक एफ झुग्गी नं 256 निवासी 27 वर्षीय चंद्रपाल उर्फ कालू पुत्र रामसनेही के रूप में हुई। दो अन्य लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सीओ रुचि गुप्ता ने बताया कि चंद्रपाल के स्वजन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। कार चंद्रपाल की ही है। वह खुद ही कार को बुकिंग पर लेकर जाता था। चंद्रपाल के स्वजन दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हो गए हैं।
News Update :
4. सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि जब अधिवक्ता हड़ताल पर होते हैं तो न्याय पाने वाला प्रभावित होता है न कि जज और अधिवक्ता। हाल ही में गुजरात, मद्रास और तेलंगाना हाई कोर्ट के वकीलों ने न्यायाधीशों के स्थानांतरण के लिए सुप्रीम कोर्ट कालेजियम द्वारा किए गए प्रस्ताव का विरोध करते हुए हड़ताल की थी। बार काउंसिल आफ इंडिया द्वारा उन्हें सम्मानित करने के लिए आयोजित एक समारोह में अपने संबोधन में सीजेआई ने कहा कि सद्भाव और संतुलन हमारे समाज और अदालतों की शांति बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डा. बीआर आंबेडकर ने जब संविधान को अपनाने की पूर्व संध्या पर संविधान सभा से बात की तब कहा था कि हम अब तक औपनिवेशिक शासन के अधीन थे और तब सत्याग्रह और हड़ताल एक साधन था लेकिन अब हम स्वराज हासिल कर चुके हैं। इसलिए सत्याग्रह और हड़ताल को सहयोग, स्थिरता, शांति और संतुलन के लिए रास्ता देना चाहिए।
राजनीति :
1. गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आज भारतीय जनता पार्टी के नेता ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री मोदी की रैलियां भी शामिल हैं। पीएम मोदी आज गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के वेरावल, धोरारजी, अमरेली और बोटाद में रैलियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने शनिवार को गुजरात के वलसाड में रैली व रोड शो किया था। इस दौरान पीएम मोदी ने जनता से गुजरात विधानसभा चुनाव में दोबारा भाजपा को वोट देने की अपील की। साथ ही पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को लोगों से गुजरात को बदनाम करने वालों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को राज्य में जगह नहीं मिलनी चाहिए। अपने गृह राज्य के दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी रविवार को सौराष्ट्र क्षेत्र में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी ये रैलियां वेरावल, धोरारजी, अमरेली और बोटाद में करेंगे। रविवार को सोमनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद उनका सौराष्ट्र क्षेत्र में चार रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम है। वेरावल, धोरारजी, अमरेली और बोटाद में स्थानों को अंतिम रूप दिया गया है। इन रैलियों को लेकर भाजपा की ओर से तैयारियां की गई है।
अंतर्राष्ट्रीय :
1. रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने बड़ा दावा किया है। यूक्रेन ने कहा कि इस सप्ताह में यूक्रेन के हमले में लगभग 60 रूसी सैनिक मारे गए हैं। यूक्रेन ने चार दिनों में दूसरी बार एक ही घटना में बड़ी संख्या में रूसी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। एक फेसबुक पोस्ट में सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने कहा कि रूस को बड़ा नुकसान हुआ है, जब यूक्रेनी सेना ने खेरसॉन के दक्षिण में 40 किलोमीटर दूर स्थित शहर पर हमला किया। बता दें कि रूसी सेना ने इस महीने की शुरुआत में शहर छोड़ दिया था। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन को उन्नत रॉकेट सिस्टम प्रदान किए हैं, जो 80 किमी दूर तक के लक्ष्य को भेदने में सक्षम हैं। यूक्रेन ने कहा कि पूर्वी प्रांत लुहांस्क में फ्रंट लाइन से 70 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव में गोलाबारी में करीब 50 रूसी सैनिक मारे गए या घायल हो गए।
News Update :
2. तुर्किये ने नॉर्थ सीरिया और नॉर्थ इराक में प्रतिबंधित कुर्द आतंकवादी ठिकानों पर हवाई हमले किए। इन ठिकानों से ही आतंकवादियों ने इस्तांबुल पर आतंकी हमले की साजिश रची थी। हमले की जानकारी तुर्किये की डिफेंस मिनिस्ट्री ने दी है। तुर्किये के इस्तांबुल में 13 नवंबर को हुए बम ब्लास्ट में 6 लोगों की मौत हो गई थी। 81 लोग घायल हो गए थे। सरकार ने कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी और सीरियाई कुर्द मिलिशिया संगठन को इस हमले का जिम्मेदार बताया था। इस्तांबुल में हुए आतंकी हमले के बदले के लिए ही कुर्दिश आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया गया है। तुर्किये ने अल-बेइलोनिया और दाहिर अल-अरब गांव में हवाई हमला किया है। अभी तक किसी के मारे जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, सरकार ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आतंकवादी ठिकाने पर दो बार विस्फोट होता है। ट्वीट में लिखा है कि सटीक हमले से आतंक के घोंसलों को चकनाचूर कर दिया गया।
मौसम :
1. देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। नवंबर का महीना खत्म होने की ओर है और ठंड भी अब बढ़ चुकी है। मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिल्लीवासियों को ठंड और प्रदूषण के दोहरे अटैक का सामना करना पड़ रहा है। सुबह-सुबह धुंध ने भी लोगों की परेशानियां थोड़ी बढ़ा दी हैं। सुबह-शाम के वक्त ठिठुरन भी बढ़ गई है। 24 नवंबर के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड में इजाफे का अनुमान जताया गया है। वायु प्रदूषण से भी लोग परेशान दिख रहे हैं। राजधानी में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी हुई है। यूपी के कई हिस्सों में कोहरा औसत से ज्यादा रहने का अनुमान है। साथ ही ठंड भी बढ़ने के आसार है। उधर, पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर भी यूपी के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है।
1. अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट बहाल हो गया है। एलन मस्क ने ट्रंप का खाता बहाल करने की घोषणा की। इससे पहले, उन्होंने ट्विटर पर एक पोल भी डाला था कि ट्रंप का अकाउंट बहाल करना चाहिए या नहीं. जिसमें से अधिकांश ने श्हांश् पर क्लिक किया। ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने कहा था कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा। इससे पहले, उन्होंने मई में कहा था कि वे ट्रंप के ट्विटर अकाउंट पर लगे बैन को हटा सकते हैं। पिछले साल अमेरिकी संसद पर हुए हमले के बाद ट्रंप के ट्विटर अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया था। एलन मस्क ने 19 नवंबर को एक पोल डाला था, जिसमें यूजर्स से पूछा गया था कि ट्रंप का अकाउंट बहाल करना चाहिए यह नहीं। इस पर 51.8 फीसद यूजर्स ने अकाउंट बहाल करने के पक्ष में वोट दिया, जबकि 48.2 फीसद यूजर्स ने अकाउंट बहाल न करने के पक्ष में मतदान किया। इस पोल में कुल 1,50,85,458 लोगों ने हिस्सा लिया। वहीं, 135 मिलियन से अधिक लोगों ने पोल को देखा।
2. अगर आप रेलवे से कहीं जाने की योजना बना रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। रेलवे ने रविवार को 237 ट्रेनों क रद्द कर दिया है। इसमें से 187 ट्रेनों को पूरी तरह से, जबकि 50 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। रद्द की गई ट्रेनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तराखंड, गोवा, गुजरात, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से चलने वाली गाड़ियां हैं। रेलवे के द्वारा इन ट्रेनों को रद करने के पीछे कोई कारण नहीं बताया है, लेकिन माना जा रहा है परिचालन संबंधी समस्याओं के चलते इन ट्रेनों को रद किया गया है। इसके अलावा 23 ट्रेनों को रीशेड्यूल और 15 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है।
खेल/खिलाड़ी :
1. युवा भारतीय टीम को रविवार को दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड से कड़ी चुनौती का सामना करने की आशा है, जिसमें कप्तान हार्दिक पांड्या की निगाहें कुछ गेम टाइम हासिल करने पर लगी होंगी। हालांकि, भुवनेश्वर कुमार के सामने इस छोटे प्रारूप में बने रहने की कठिन चुनौती होगी। वहीं, दूसरे मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है ऐसे में ये मैच हो पाता है या नहीं ये भी देखने वाली बात होगा। पहला मैच भी वेलिंगटन में बारिश की वजह से रद कर दिया गया था। वेलिंगटन में सीरीज का पहला मैच वर्षा के कारण रद्द हो गया था और भारतीय खिलाड़ी यहां मैदान पर उतरने के लिए बेताब होंगे। इस दौरे पर भारतीय टीम प्रबंधन को 33 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार की मौजूदगी को लेकर चल रही दुविधा से निपटना पड़ सकता है। सवालों की यह तलवार अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और कप्तान हार्दिक पांड्या के सामने लटकी होगी। भुवनेश्वर अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि (एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा 40 विकेट चटकाने से महज चार विकेट दूर) के करीब खड़े हैं और ऐसे में उन्हें नहीं खिलाना उनका मनोबल गिराने वाला फैसला होगा। पर भुवी ने जो 36 विकेट हासिल किए हैं, वो सभी गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों में मिले हैं और वो भी कमजोर प्रतिद्वंद्वियों के विरुद्ध। थोड़ी सी सपाट पिच या फिर बेहतरीन बल्लेबाजी आक्रमण के सामने भुवनेश्वर असफल रहे हैं। अगर उन्हें खिलाया जाता है तो टीम प्रबंधन उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज की जोड़ी को परखने का मौका चूक जाएगा।
Gujarat Election 2022 सौराष्ट्र क्षेत्र में चार रैलियों को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी
2. 28 दिन, 32 टीमें और 64 मुकाबले। इस बार मेजबान कतर और इक्वाडोर के बीच मैच के साथ फीफा विश्व कप का आगाज होगा। यूं तो दुनियाभर की 32 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं, लेकिन आठ टीमों को ट्राफी का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। गत चौंपियन फ्रांस लगातार दूसरा विश्व कप जीतकर इटली (1934, 1938) और ब्राजील (1958, 1962) के रिकार्ड की बराबरी करने उतरेगा। दो बार विश्व कप जीत चुके फ्रांस (1998, 2018) की टीम में जहां एमबापे जैसे उभरते सितारे हैं, वहीं बेंजेमा जैसे दिग्गज भी टीम का हिस्सा हैं। ग्रुप डी में इस बार फ्रांस के साथ आस्ट्रेलिया, डेनमार्क और ट्यूनीशिया शामिल हैं। फ्रांस के स्ट्राइकर एमबापे, बेंजेमा, ग्रीजमैन, डेंबेले और जिरूड आक्रामक होंगे। रूस में पिछले विश्व कप ग्रीजमैन को ब्रांज बाल और सिल्वर शू अवार्ड मिला था, जबकि एमबापे को यंग प्लेयर अवार्ड दिया गया था। पाल पोग्बा, क्रिस्टोफर नकुंकु, माइक मैग्नन, एंथनी मार्शल, ल्यूकास डिग्ने, एनगोलो कांटे जैसे खिलाड़ियों का चोटिल होना गंभीर चिंता का कारण है। साथ ही मजबूत डिफेंडर का नहीं होना इस बार टीम को कमजोर करेगा।