Noida Crime News : बेंगलुरू में बंद हुआ गोरखधंधा तो नोएडा में बनाया ठिकाना
Noida Crime news
भारत
चेतना मंच
19 Sep 2022 05:52 PM
Noida Crime News : नोएडा । थाना सेक्टर-63 पुलिस ने फर्जी डिग्री बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बकायदा इंटरनेट पर विज्ञापन देकर इस फर्जीवाड़े को चला रहे थे। आरोपी लोगों को फर्जी मार्कशीट उपलब्ध कराने की एवज में 30 से लेकर 70 हजार रूपये तक वसूलते थे।
एडीसीपी सेंट्रल साद मियां खान ने बताया कि थाना प्रभारी अमित कुमार मान ने मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर 63 बी 44 से आनंद शेखर व चिराग शर्मा को गिरफ्तार किया। इनके पास से बड़ी संख्या में फर्जी मार्कशीट, प्रमाण पत्र, लेटर पैड, खाली अंकतालिका सीट, 14 डेक्सटॉप, 14 सीपीयू, 11 माउस, कलर प्रिंटर, 33 मोबाइल फोन, 55 सिम आदि बरामद हुए। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी भोले भाले लोगों को कम पैसों में विभिन्न कोर्सो व डिप्लोमा की डिग्री व अंकतालिका उपलब्ध कराते हैं। आरोपी पहले बेंगलुरु में फर्जी डिग्री बनाने का काम करते थे वहां मुकदमा दर्ज होने के बाद यह लोग वहां से नोएडा आ गए। दोनों आरोपी इंटरनेट के माध्यम से 5 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से विज्ञापन देते थे। जो भी इनके ऐड पर क्लिक करता था उसका नंबर इनके पास आ जाता था। इसके बाद यह कॉल करके उन्हें विभिन्न कोर्सों के बारे में जानकारी देते थे। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी 20 साल तक पुरानी अंक तालिका व डिग्री देने का भी ठेका लेते थे।