Haryana News : भगोड़े आरोपी को थाने में चाय पिला रहे थे दो पुलिसकर्मी, फिर हुआ ये
Two policemen were giving tea to the fugitive accused in the police station, then this happened
भारत
चेतना मंच
15 Jan 2023 04:27 PM
चंडीगढ़। हरियाणा के गृहमंत्री (Home Minister of Haryana) अनिल विज (Anil Vij) ने कैथल जिले के पुण्डरी थाने में दो पुलिसकर्मियों द्वारा धोखाधड़ी के एक आरोपी को कथित तौर पर चाय पिलाए जाने का वीडियो (video) सामने आने के बाद उनके निलंबन का आदेश दिया है। बताया जाता है कि यह आरोपी भगोड़ा है।
Haryana News
इस संबंध में एक महिला शिकायतकर्ता ने विज को वीडियो दिखाया था, जिसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबन के निर्देश दिए। विज अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र अम्बाला में लोगों की शिकायतें सुनने के लिए ‘जनता दरबार’ लगाते हैं। शिकायतें सुनते हुए विज ने कैथल के पुलिस अधीक्षक की खिंचाई की। उन्होंने फोन पर पुलिस अधीक्षक से कहा कि एसपी साहब, थाने में आरोपी को चाय दी जा रही है और आप कह रहे हैं कि आरोपी मिला नहीं है। अपराधी थाने में बैठते हैं।
संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने का निर्देश देते हुए विज ने कहा कि क्या मुझे थाना बंद कर देना चाहिए? यह कैसे हो सकता है, एसपी सर? क्या गुंडे राज्य पर राज करेंगे? मुझे फौरन कार्रवाई चाहिए।
आधिकारिक बयान के अनुसार, शिकायकर्ता महिला ने मंत्री से कहा कि पुलिस 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को पकड़ नहीं रही है और आरोपी बेरोकटोक घूम रहा है। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने गृह मंत्री को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Haryana News
वहीं, एक अन्य मामले में मंत्री ने एम्बुलेंस चालकों से घूस मांगने के आरोपों पर पानीपत में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया। विज से शिकायत करने के लिए पानीपत से आए एम्बुलेंस चालकों ने आरोप लगाया कि उनसे शहर के थाना प्रभारी बलराज प्रत्येक एम्बुलेंस के हिसाब से 10 हजार रुपये मांग रहे हैं। इसके बाद विज ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को फोन किया और उन्हें इस मामले में थाना प्रभारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
वहीं, झज्जर से सेना के एक जवान ने शिकायत की कि वहां पुलिस उसकी नाबालिग बहन से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए विज ने झज्जर के पुलिस अधीक्षक को फोन किया। उन्हें फटकार लगाई और आरोपी को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया।
News uploaded from Noida