फिर गूंजा नीले ड्रम का खौफ: नमक के साथ भरी मिली लाश, पत्नी-प्रेमी गिरफ्तार!
भारत
चेतना मंच
19 Aug 2025 10:18 AM
राजस्थान के अलवर जिले के खैरतल-तिजारा इलाके में एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी हंसराम का शव उसके ही घर की छत पर नीले ड्रम में मिला। गला काटकर हत्या करने के बाद उसकी लाश को नमक के साथ ड्रम में भर दिया गया था। घटना के बाद उसकी पत्नी सुनीता अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ फरार हो गई थी। पुलिस ने दोनों को बच्चों समेत हिरासत में ले लिया है।
छत से आने लगी दुर्गंध, खुला राज़
पुलिस को घर से दुर्गंध आने की शिकायत मिली। जब छानबीन की गई तो छत पर रखे नीले रंग के ड्रम में हंसराम का शव मिला। शव पर धारदार हथियार से गला काटे जाने के निशान थे। ड्रम में बड़ी मात्रा में नमक भी भरा गया था, ताकि शव जल्दी सड़-गल जाए और हत्या का राज़ छुपा रहे।
पत्नी और प्रेमी की साजिश बेनकाब
जांच के दौरान पता चला कि हंसराम की पत्नी सुनीता और मकान मालिक का बेटा जितेंद्र हत्या के बाद से बच्चों के साथ फरार थे। पुलिस ने सोमवार को दोनों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि सुनीता और जितेंद्र के बीच अवैध संबंध थे और दोनों ने मिलकर हंसराम की हत्या की साजिश रची।
शराब की लत बनी विवाद की वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हंसराम शराब का आदी था और अक्सर जितेंद्र के साथ शराब पीता था। इसी दौरान सुनीता और जितेंद्र के बीच नज़दीकियां बढ़ीं। धीरे-धीरे यह संबंध पति की हत्या की वजह बन गया। पुलिस अब दोनों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सके।
इलाके में दहशत
इस वारदात के सामने आने के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। नीले ड्रम से जुड़े इस मामले ने मेरठ के सौरभ हत्याकाण्ड की याद को एक बार फिर ताजा कर दिया है। गौरतलब है सौरभ की पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी, फिर उसकी लाश को नीले ड्रम में भरकर, उसे सीमेंट के नीचे दफना दिया था। इस घटना ने एक बार फिर नीले ड्रम के खौफ को बढ़ दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
नोएडा सीवर हादसा: लापरवाही के आरोप में 3 अफसरों पर कार्रवाई