Noida Crime News : नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का धंधा, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
Noida Crime News: Cheating business in the name of getting job, four gang members arrested
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 10:59 AM
Noida Crime News : भोले भाले लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने वाले 4 आरोपियों को थाना फेस-1 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी shine.com पर किए गए आवेदनों का डाटा खरीद कर लोगों को नौकरी दिलाने के लिए कॉल कर अपने जाल में फंसाते थे। आरोपी अब तक सैकड़ों लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए का चूना लगा चुके हैं।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना फेस वन प्रभारी धु्रव भूषण दुबे, साइबर हेल्प लाइन टीम के उपनिरीक्षक संजय राठी की टीम ने सेक्टर 6 के एक ऑफिस में छापा मारा। पुलिस ने यहा से अमित कुमार पुत्र कृष्णपाल, दिव्य कुमार पुत्र राम कुमार, मेहुल दीप पुत्र प्रदीप कुमार व लव द्विवेदी पुत्र रामकरण द्विवेदी को गिरफ्तार किया। मौके से एक लैपटॉप, चार वॉकी टॉकी फोन, एक स्मार्टफोन, कीपैड फोन, 3 हार्ड डिस्क, डेबिट कार्ड बरामद हुए। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी लोगों द्वारा नौकरी पाने के लिए shine.com पर किए गए आवेदनों का डाटा खरीद लेते थे। इसके पश्चात वह आवेदकों को नौकरी दिलाने के लिए कॉल करते थे। आरोपी खुद को shine.com का प्रतिनिधि बताकर उनका इंटरव्यू लेकर जॉब देने के नाम पर पैसे ठग लेते थे। इस संबंध में पुलिस को पूर्व में कई शिकायतें मिली थी जिनके आधार पर यह कार्रवाई की गई।