Noida News : पुलिस की वर्दी पहनकर करते थे लूटपाट, दो शातिर बदमाश हत्थे चढ़े
Noida news: Gangster charged with mobile robbery gang
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:05 AM
नोएडा। हाथ में वॉकी टॉकी व तन पर खाकी वर्दी पहनकर तीन शातिर बदमाश लोगों से डरा धमकाकर लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक व्यक्ति से लूट का प्रयास कर रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट के 15 हजार रुपए, वॉकी-टॉकी, पुलिस की वर्दी व पुलिस का फर्जी आई कार्ड बरामद हुआ है। पकड़ा गया एक आरोपी प्रांतीय रक्षा दल (पीआरडी) का बर्खास्त जवान है। इस पर गैंगस्टर एक्ट सहित लूट के कई मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस को चकमा दे गया एक आरोपी
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सेक्टर-58 पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को डरा धमकाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एलआईसी बिल्डिंग के पास शराब के ठेके के पास से पुलिस की वर्दी पहने दिनेश कुमार पुत्र जगदीश, सलीम पुत्र मुरसलीन को दबोच लिया, जबकि इनका एक साथी संदीप पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने इनके पास से एक वॉकी टॉकी सेट, चार्जर, उत्तर प्रदेश पुलिस का फर्जी आईकार्ड, एक स्विफ्ट गाड़ी बरामद की।
शराब पीये लोगों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में दिनेश कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों से पुलिसकर्मी बनकर लूट की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर अक्सर शराब के ठेके पर ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जो सीधे-साधे होते थे। शराब पीये हुए लोगों को यह अपनी कार में बैठा लेते थे और जेल भेजने की धमकी देकर उससे वसूली करते थे। अगर कोई व्यक्ति इनका विरोध करता था तो यह मारपीट कर उससे नकदी भी छीन लेते थे।
पीआरडी में तैनात थे दिनेश और संदीप
एडीसीपी ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान पता चला है कि दिनेश व संदीप पहले पीआरडी में तैनात थे। इनकी आपराधिक गतिविधियों के चलते इन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। जिसके बाद यह पुलिस की वर्दी पहनकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने लगे थे। पकड़ा गया दिनेश पीआरडी का बर्खास्त जवान है। इस पर गैंगस्टर सहित कई मामले पंजीकृत हैं। आरोपियों के फरार साथी संदीप की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
नोएडा ग्रेटर– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिएचेतना मंचसे जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।