Shraddha murder case श्रद्धा हत्याकांड: आफताब को 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
Shraddha murder case
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2022 01:17 AM
Shraddha murder case नयी दिल्ली। 27 वर्षीय श्रद्धा वालकर के 35 टुकड़े करने वाले आरोपी प्रेमी आफताब अमीन पूनावाला को अदालत ने 13 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था, जोन दो) सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि पुलिस ने पॉलीग्राफ टेस्ट में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को पेश करने के वास्ते कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूनावाला ने कथित तौर पर 27-वर्षीय श्रद्धा का गला घोंट दिया और उसके शव के 35 टुकड़े कर दिये, जिसे उसने अपने महरौली स्थित आवास पर लगभग तीन सप्ताह तक 300 लीटर के फ्रिज में रखा और फिर कई दिनों तक शहर भर में फेंकता रहा था। पूनावाला का पॉलीग्राफ परीक्षण शुक्रवार को यहां फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में करीब तीन घंटे तक किया गया था।
पुलिस ने बताया कि पूनावाला पोलीग्राफ जांच के अपने तीसरे सत्र के लिए शाम चार बजे यहां रोहिणी स्थित एफएसएल पहुंचा और साढ़े छह बजे के बाद लौट गया। पूनावाला की चार दिन की पुलिस हिरासत शनिवार को खत्म हो गई।
आरोपी को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था, जिसे 17 नवंबर को फिर से पेश किया गया और उसकी हिरासत अवधि पांच दिनों के लिए और बढ़ा दी गयी थी। गत मंगलवार को उसकी पुलिस हिरासत चार दिन के लिए एक बार और बढ़ा दी गयी थी।
दिल्ली पुलिस ने पूनावाला के फ्लैट से पांच चाकू जब्त किये थे और उन्हें यह पता लगाने के लिए एफएसएल भेजा है कि क्या उनका अपराध में इस्तेमाल हुआ था। पुलिस ने पहले कहा था कि कथित तौर पर पूनावाला ने अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ श्रद्धा वालकर का शव काटने के लिए जिस आरी का इस्तेमाल किया था, वह अभी बरामद नहीं हुआ है।