UP Crime : भट्ठे पर ईंटों के ढेर में दबकर दो मजदूरों की मौत, 14 बाल श्रमिक मुक्त
Two laborers died after being buried in a pile of bricks at the kiln, 14 child laborers freed
भारत
चेतना मंच
27 Mar 2023 03:19 PM
देवरिया (उप्र)। जिले के एक ईंट भट्ठे पर ईंटों का ढेर गिरने से उसमें दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने भट्ठा मालिक सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, श्रम विभाग ने भट्ठे पर छापेमारी कर 14 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के निवासी मोहित राम यादव की तहरीर पर चार नामजद एवं कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी भट्ठा मालिक मुक्तिनाथ त्रिपाठी के अलावा अजीत त्रिपाठी, संजू और मुस्तफा तथा चार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं तथा बाल श्रम (प्रतिषेध और विनियमन) अधिनियम 1986 की धारा 14 के तहत रामपुर कारखाना थाने में मामला दर्ज किया गया है।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह ने बताया कि संबंधित ईंट भट्ठा स्थल की जांच की गई। मौके पर कुल 83 श्रमिक नियोजित पाए गए। उनमें 14 बाल श्रमिक (बालक-बालिका) मिले। उन्होंने बताया कि बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम 1986 के अंतर्गत भट्ठे पर कार्यरत 14 बाल/किशोर श्रमिकों को मुक्त कराया और जिला अस्पताल में आयु परीक्षण कराकर उन्हें ‘चाइल्ड वेलफेयर कमेटी’ (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि उक्त ईंट भट्ठे पर विभिन्न श्रम नियमों का उल्लंघन होता हुआ भी पाया गया।
उल्लेखनीय है कि देवरिया नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्रीयश त्रिपाठी ने बताया था कि रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में स्थित एक ईंट भट्ठे में ईंटों का ढेर गिर गया, जिसमें दबने से वहां काम करने वाले छत्तीसगढ़ के यशवंत उर्फ छोटू यादव (36) तथा हरीनाथ (35) की मौके पर ही मौत हो गई। सीओ ने बताया कि हादसे में छत्तीसगढ़ की रहने वाली महिला मजदूर सीमा (45), सरोजिनी (50) एवं जमोतरी (52) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।