
Dadri News: दादरी जीटी रोड पर बीती रात तेज गति में आ रहे ट्रक ने बाइक पर जा रहे दंपति को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक के पीछे बैठी महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। थाना बादलपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मोदीनगर, गाजियाबाद निवासी संदीप अपनी पत्नी मधु के साथ बीती रात्रि बाइक से जा रहा था। जीटी रोड पर भारत धर्म कांटे के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक के चालक ने संदीप की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मधु और संदीप दोनों विपरीत दिशा में सडक़ पर जा गिरे। इस दौरान ट्रक का पिछला पहिया मधु के ऊपर से उतर गया। गंभीर रूप से घायल मधु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोडक़र फरार हो गया।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस हादसे में घायल संदीप को मामूली चोटें आई हैं जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है।