
Dadri News : दादरी। "नर सेवा ही नारायण सेवा है" इस उक्ति को सार्थक करने में दादरी कस्बे के कुछ युवक लगे हुए हैं। इन युवकों ने भूखों को रोटी खिलाने का बीड़ा उठाकर सवेरा रोटी बैंक के नाम से एक अनूठी पहल की है।
सवेरा रोटी बैंक युवा सामाजिक कार्यकर्ता विनय पंडित की देखरेख में चलाया जाता है। इस काम में लगभग तीन दर्जन युवा अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सहयोग राशि के द्वारा एक स्थान पर भोजन तैयार किया जाता है फिर उसे दूर-दूर तक जरूरतमंदों के बीच में बांटा जाता है। इस अनूठी पहल का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विनय पंडित का कहना है कि अब तक सवेरा रोटी बैंक से जुड़े हुए युवा 3000 से अधिक भूखों को रोटी उपलब्ध करा चुके हैं। शीघ्र ही 5000 का लक्ष्य प्राप्त करने की योजना बनाई गई है। सवेरा रोटी बैंक की इस पहल की चौतरफा सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार के प्रयास की जितनी सराहना की जाए उतनी कम है।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता विनय पंडित ने कहा कि तीन हजार लोगों तक भोजन पहुंचाने में रोटी बैंक सफल रहा है। उन्होंने बताया कि सवेरा रोटी बैंक युवाओं का एक समूह है, जो सड़कों पर रहने वाले, गरीब झोपड़ पट्टी में रहने वाले गरीब लोगों तक सप्ताह में भोजन उपलब्ध कराता है।
उन्होंने बताया कि करीब तीन माह से भोजन वितरण का कार्य किया जा रहा है। रोटी बैंक की शुरआत करने का उद्देश्य युवाओं को जन्मदिन के नाम पर केक काटकर सड़कों पर व्यर्थ करने की बजाय भूखों को खाना खिलाना चाहिए इसी सन्देश के साथ रोटी बैंक की शुरआत की है। युवाओं का समूह थोड़े थोड़े पैसे मिलाकर इस मुहिम में जुटे हैं तीन हजार लोगों तक भोजन वितरण करने में सफल हुए हैं।